Siddharthnagar Festival : 25 करोड़ प्रदेशवासियों को परिवार मानकर आगे बढ़ाया विकास अभियान, बोले सीएम योगी

Siddharthnagar Festival : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर महोत्सव का शुभारंभ किया. 1052 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया. सीएम योगी ने कहा कि उपद्रव से उत्सव की ओर उत्तर प्रदेश बढ़ चुका है.

Siddharthnagar Festival : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 1052 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ की आबादी को अपना परिवार मानते हुए बिना किसी भेदभाव के विकास का अभियान आगे बढ़ाया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमार मानसिकता वाले लोगों ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को लंबे समय तक बीमार बनाए रखा, लेकिन प्रदेश सरकार ने दृढ़ संकल्प के साथ इस बीमारी को दूर किया. आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से निकलकर उत्सव प्रदेश की ओर बढ़ चुका है. उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना की सराहना करते हुए कहा कि जब बच्चों में ऐसे संस्कार जाएंगे तो वे विकसित भारत की संकल्पना के वाहक बनेंगे. कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं के सहयोग से सफलता प्राप्त करने वाली दो महिला उद्यमियों ने मंच से अपनी प्रेरक सफलता की कहानी साझा की.

सरकार बिना भेदभाव दे रही धन, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों से लागू हो रहीं योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और प्रस्तावों से जनपद में विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं. सरकार निमित्त मात्र है, बिना किसी भेदभाव के धन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और सपा विधायक सैयदा खातून का आयोजन में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया. सीएम योगी ने कहा कि जीवन हताशा-निराशा के लिए नहीं, बल्कि उत्साह, उमंग और मिल- जुलकर विकास के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए है. अच्छी सोच के साथ प्रारंभ किए गए प्रयास सकारात्मक परिणाम देते हैं.

बांटकर विकास नहीं कर सकती कोई सरकार

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार बांटकर विकास नहीं कर सकती. जाति, मत-मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर भेदभाव नहीं, बल्कि समग्र और सतत विकास ही सरकार का लक्ष्य है. यही रामराज्य की अवधारणा का साकार रूप है. उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव हर गरीब को राशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। सरकार की योजनाएं गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं. ‘सबका साथ–सबका विकास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए गरीब कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है.

पूर्वी यूपी को बीमारी की ओर धकेलने वालों पर प्रहार

सीएम योगी ने कहा कि आठ-दस वर्ष पहले कोई यह कल्पना भी नहीं कर सकता था कि सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज होगा, लेकिन आज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज संचालित है। नर्सिंग कॉलेज प्रारंभ हो चुका है, महिला छात्रावास का शिलान्यास किया गया है और सीएसआर फंड से एक हजार सीटों वाले ऑडिटोरियम का निर्माण भी प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर आकांक्षी जनपद इसलिए था क्योंकि यहां विकास नहीं, बल्कि बीमारी और पलायन था. इंसेफेलाइटिस के कारण गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़ी जातियों के बच्चे दम तोड़ते थे. ये बच्चे किसी जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि यूपी की अमानत थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 2017 में प्रदेश सरकार ने संकल्प लिया कि एक भी बच्चा इंसेफेलाइटिस से नहीं मरेगा. डबल इंजन सरकार के प्रयासों से दशकों पुरानी बीमारी समाप्त हुई और आज कोई बच्चा इस रोग से नहीं मर रहा है.

गोरखपुर–शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेगा विकास का नया आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिद्धार्थनगर की कनेक्टिविटी को फोरलेन के माध्यम से सुदृढ़ किया जा रहा है. खलीलाबाद से बहराइच जाने वाली रेल लाइन जनपद से होकर गुजर रही है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. गोरखपुर–शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्रों—इटवा, डुमरियागंज और बांसी—को जोड़ते हुए विकास का नया कॉरिडोर बनेगा. उन्होंने कपिलवस्तु में विपश्यना केंद्र, डारमेट्री और अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी.

सरकार का कार्य कृपा नहीं, कर्तव्य

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के थीम सांग ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किया गया कार्य किसी पर कृपा नहीं, बल्कि जनता के प्रति कर्तव्य है. जनता ने जो शक्ति दी है, उसका उपयोग बिना भेदभाव जनता-जनार्दन के हित में किया जाना चाहिए.

महिला उद्यमिता की सराहना

मुख्यमंत्री ने मंच पर आईं दोनों महिला उद्यमियों को महिला उद्यमिता का आदर्श उदाहरण बताया. उन्होंने ओडीओपी और मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत सिद्धार्थनगर के प्रयासों की सराहना करते हुए पुराने तालाबों के पुनरोद्धार की आवश्यकता पर बल दिया.

किसानों को वैल्यू एडिशन से लाभ की सलाह

सीएम योगी ने किसानों से कहा कि एमएसपी के साथ-साथ वैल्यू एडिशन से कई गुना लाभ संभव है। फूड प्रोसेसिंग से जुड़े प्रस्ताव लाएं, सरकार सब्सिडी दे रही है. इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, सांसद जगदंबिका पाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >