शाहजहांपुर में कुत्ते से टकराई बाइक, पीछे से बस ने कुचला, कैंचीधाम जा रहे मामा-भांजे की दर्दनाक मौत

शाहजहांपुर में कैंचीधाम दर्शन के लिए निकले मामा-भांजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. भेदपुर गांव के पास अचानक सड़क पर आए कुत्ते से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों गिर गए और पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया.

Shahjahanpur Road Accident: शाहजहांपुर के कैंचीधाम दर्शन के लिए निकले दो युवकों का सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत में बदल गया. शनिवार सुबह तिलहर थाना क्षेत्र के भेदपुर गांव के पास अचानक सड़क पर आए कुत्ते से उनकी बाइक टकरा गई. बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसली और दोनों युवक नीचे गिर गए. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डबल डेकर बस दोनों को कुचलते हुए निकल गई. हादसे में चचेरे मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान हरदोई निवासी 23 वर्षीय मोहित अवस्थी और शाहजहांपुर के आरसी मिशन क्षेत्र के कनेंग गांव निवासी सोमेश शुक्ला के रूप में हुई है.

दो बाइकों से कैंचीधाम के लिए निकले थे

बताया जा रहा है कि मोहित प्राइवेट नौकरी करते थे. शनिवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने चचेरे भांजे सोमेश के घर कनेंग गांव पहुंचे थे. उनके साथ दो दोस्त भी थे. इसके बाद चारों दो बाइकों से शाहजहांपुर के कैंचीधाम दर्शन के लिए निकल पड़े. एक बाइक पर मोहित और सोमेश सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर उनके दोनों दोस्त चल रहे थे. सुबह करीब छह बजे चारों तिलहर क्षेत्र के भेदपुर गांव के पास पहुंचे. इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया. मोहित ने बाइक को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाइक कुत्ते से टकरा गई. टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और मोहित व सोमेश सड़क पर जा गिरे.

सड़क पर गिरे, पीछे से बस ने कुचला

मोहित और सोमेश के पीछे दूसरी बाइक से उनके दोनों दोस्त आ रहे थे. उन्होंने अपनी आंखों के सामने दोनों को सड़क पर गिरते देखा. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस दोनों युवकों को कुचलते हुए निकल गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद दोनों दोस्तों में चीख-पुकार मच गई. उन्होंने तत्काल परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और वहां का मंजर देखकर बदहवास हो गए.

परिवार में मचा कोहराम

एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि दोनों कैंचीधाम दर्शन के लिए उत्साह के साथ घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं.

बस की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर तिलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. तिलहर थाना प्रभारी ने बताया कि बस की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई है. हादसे में शामिल डबल डेकर बस की तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से बस का पता लगाने में जुटी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read: Prayagraj Flood: प्रयागराज में घटने लगा गंगा-यमुना का पानी, लेकिन 24 गांवों में अब भी मंडरा रहा आफत का साया!

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >