UP News: आगरा में रक्षाबंधन से पहले राखी बाजार पर महंगाई की मार साफ दिख रही है. पिछले साल 500 से 1,000 रुपये में मिलने वाली चांदी की राखी अब 2,500 से 3,500 रुपये तक पहुंच गई है. वहीं, सोना 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम होने से एक ग्राम सोने की राखी करीब 16 हजार रुपये की पड़ रही है. महंगे दाम और बारिश ने मिलकर बाजार की रौनक भी फीकी कर दी है.
चांदी महंगी हुई तो राखी के दाम भी उछले
चांदी के भाव में महज एक महीने में करीब 10 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है. चौबेजी फाटक बाजार के सराफा कारोबारी तरुण अग्रवाल ने बताया कि चांदी 2.45 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. इसका सीधा असर चांदी की राखियों पर पड़ा है. पिछले साल 500 से 1,000 रुपये में मिलने वाली राखियां अब 2,500 से 3,500 रुपये तक पहुंच गई हैं. यहां तक कि 10-10 ग्राम की चांदी की राखियां भी दुकानों पर नहीं बिक पा रही हैं.
सोने की राखी भी बजट से बाहर
सोने के बढ़े भाव ने भी खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है. बुधवार को सोना 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. ऐसे में एक ग्राम सोने की राखी की कीमत करीब 16 हजार रुपये हो गई है. श्री सराफा कमेटी के महामंत्री देवेंद्र गोयल ने बताया कि सोना-चांदी महंगा होने के कारण राखियों के ग्राहक कम मिल रहे हैं.
बाजार में ग्राहक कम, बारिश ने बढ़ाई परेशानी
जौहरी बाजार, चौबेजी फाटक, किनारी बाजार, लोहामंडी और शाहगंज में त्योहार के बावजूद ग्राहकों की संख्या कम है. महंगाई के साथ लगातार हो रही बारिश ने भी खरीदारी प्रभावित की है. कई बहनें खराब मौसम के कारण बाजार नहीं पहुंच पा रही हैं.
राखी की चमक पर महंगाई भारी
रक्षाबंधन का त्योहार करीब है, लेकिन इस बार राखी बाजार में पहले जैसी रौनक नहीं दिख रही. चांदी की राखी के 500 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये तक पहुंचने और सोने की राखी के 16 हजार रुपये होने से बहनों का बजट बिगड़ गया है. कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने पर बाजार में खरीदारी बढ़ेगी.
