PM Kisan Nidhi Yojana: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को झांसी दौरे पर पहुंचे, जहां रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया. इस कार्यक्रम के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त पश्चिम बंगाल से जारी की, जिससे इस योजना से जुड़े करोड़ों किसान के खाते में 2000-2000 रुपये पहुंच गयी. पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त का लाभ उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिला है.
विकास और संभावनाओं का नया केंद्र बना बुंदेलखंड: सीएम
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है. डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है और खेत से लेकर किसान के सम्मान तक हर स्तर पर उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बुंदेलखंड के विकास, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे को लेकर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया. वहीं कहा- बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं, बल्कि विकास और संभावनाओं का नया केंद्र बन रहा है.
किसानों के खाते में पहुंची धनराशि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी. इसके तहत उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4352.40 करोड़ रुपये की राशि पहुंच गई है, इसके साथ ही प्रदेश के करोड़ों किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है. जानकारी के अनुसार, यूपी के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की अब तक (22वीं किस्त) 99,032.58 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं. यह योजना किसानों की आर्थिक मजबूती और कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
झांसी में किसानों के बीच रहे मुख्यमंत्री योगी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किसानों के बीच मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने में सहभागी बनने का आह्वान भी किया.
किसानों को सालाना मिलती है छह हजार रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. 23वीं किस्त के रूप में जारी धनराशि से प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला है, इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2026 में असम से किसानों को सम्मान निधि की किस्त जारी की थी.
यह भी पढ़ें: ललितपुर को 1766 करोड़ की सौगात, योगी का तंजः पहले लूट थी, अब विकास है
