नोएडा: नोएडा के एक लोहा व्यापारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने मामा-भांजा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बिना सत्यापन के आरोपियों को मोबाइल फोन का सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है. दादरी के पुलिस उपाधीक्षक निशांत शर्मा ने बताया कि दादरी के लोहा व्यापारी सुशील को फोन करके बदमाशों ने 20 लाख रपये की रंगदारी मांगी थी। यह फोन चिटेहरा गांव निवासी मुकेश भाटी के नाम से किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि व्यापारी को जेवर क्षेत्र से फोन किया गया था.
पुलिस ने इस संबंध में आज मामा-भांजा सिराजुद्दीन और जावेद को गिरफ्तार किया है. दोनों को बिना सत्यापन के मोबाइल फोन का सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदार कुशलपाल को भी गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि जावेद बेरोजगार है. उसने अपने मामा सिराजुद्दीन से नौकरी का जुगाड करने को कहा था। लेकिन सिराजुद्दीन ने उससे कहा कि दादरी के व्यापारी सुशील को धमकी देकर उससे मोटी रकम वसूलते हैं. दोनों ने कुशलपाल से धमकी देने के लिए कई सिम खरीदे. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम आदि बरामद कर लिया है.
यह भी पढ़ें-
याेगी सरकार ने पेश किया 11,388 करोड़ का पहला अनुपूरक बजट
