Meerut Temple Theft: भावनपुर थाना क्षेत्र के किला रोड स्थित अब्दुल्लापुर प्राचीन शिव मंदिर में रविवार दोपहर एक चोर ने दानपात्र से रुपये चोरी कर लिए. आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए भगवा रंग के गमछे से सीसीटीवी कैमरा ढकने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही उसका चेहरा कैमरे में रिकॉर्ड हो चुका था. चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.
पहले मंदिर में घूमकर देखी स्थिति, फिर दानपात्र पर नजर
रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचा. उसने पहले आसपास नजर दौड़ाई और जब उसे कोई दिखाई नहीं दिया तो मुख्य मंदिर के जालीदार दरवाजे से अंदर चला गया. अंदर पहुंचने के बाद उसकी नजर दानपात्र पर पड़ी और उसने उसे खंगालना शुरू कर दिया. कुछ देर बाद उसे एहसास हुआ कि उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो रही हैं. इसके बाद उसने कैमरे से बचने की कोशिश शुरू कर दी.
गमछे से कैमरा ढका, दूसरी फुटेज में भी कैद हुआ
आरोपी ने भगवा रंग का गमछा निकालकर पहले अपने चेहरे को ढका और फिर कैमरे के सामने गमछा लगाकर उसे ढक दिया. इसके बाद उसने दानपात्र से चोरी की और मौके से फरार हो गया. हालांकि, कैमरा ढकने से पहले उसका चेहरा रिकॉर्ड हो चुका था. मंदिर में लगे दूसरे कैमरों में भी उसकी गतिविधियां कैद हुई हैं. चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी सीने पर हाथ रखकर माफी मांगता हुआ भी दिखाई दे रहा है.
सुबह टूटा मिला दानपात्र, पुलिस ने शुरू की जांच
मंदिर के सेवादार गंगाशरण के मुताबिक, सोमवार सुबह मंदिर खुलने के बाद किसी का ध्यान दानपात्र की तरफ नहीं गया. करीब 10 बजे सफाई के दौरान सीसीटीवी कैमरे का टूटा तार दिखाई दिया, जिसके बाद समिति को सूचना दी गई. इसी दौरान एक व्यक्ति ने दानपात्र में सिक्का डाला तो आवाज सुनकर उसे कुछ गड़बड़ लगी. दानपात्र देखने पर वह टूटा मिला और उसमें रखी धनराशि गायब थी. सूचना पर मंदिर समिति के पदाधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं.
Must Read- ज्ञानवापी केस में अगली सुनवाई की तारीख तय, जयप्रकाश राजभर की अर्जी पर 22 सितंबर को होगी सुनवाई
