यूपी के हरदोई में बारात से पहले दुल्हन की मां-बुआ की जिंदा जलकर मौत, खाना बनाते समय फटा सिलेंडर

यूपी के हरदोई में बेटी की शादी की तैयारी में जुटी उसकी मां और बुआ की एक दिन पहले ही दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. बेटी की मां और बुआ किचन में मेहमानों के लिए कुछ खाने का सामान बनाने गए थे. जैसे ही दोनों ने गैस जलाने के लिए माचिस जलाई, वैसे ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया.

Lucknow : हरदोई जिले से एक दिल कचोटने वाली खबर सामने आई है. कोतवाली देहात के नीर गांव में रविवार को शादी की खुशियों के बीच ही बड़ा हादसा हो गया. एक घर में शादी की रस्में चल रही थीं. घर-द्वार सज चुका था. दुल्हन की मां और बुआ शादी में शामिल होने आए मेहमानों की खातिरदारी में जुटी थीं. उन्हें कुछ खिलाने के लिए दोनों रसोई में गईं. वहां जैसे ही उन्होंने गैस को जलाने के लिए माचिस जलाई, वैसे ही एक जोरदार धमाका हुआ.

हादसे में भाभी और ननद की मौत

दरअसल, गैस सिलेंडर में लीकेज थी. किसी को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. धमाका हुआ तो आग तेजी से फैलने लगी. ननद और भाभी दोनों जान बचाने के लिए बाहर भागने लगीं. लेकिन उनका पैर सिलेंडर की पाइप में फंस गया और दोनों वहीं गिर पड़ीं. आग इतनी ज्यादा और तेजी से फैली की दोनों ही उसकी चपेट में आ गईं और उनकी जलकर मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने इस दौरान ननद-भाभी को बचाने की कोशिश भी की. लेकिन वे भी आग में बुरी तरह झुलस गए. उन्हें फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

सिलेंडर में लीकेज के कारण हुआ हादसा- अपर पुलिस अधीक्षक

अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र ने बताया कि नीर गांव में संजीव सिंह गौर की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं. रविवार को बारात आनी थी. घर में मेहमान भी शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थे. शनिवार को मेहमानों की खातिरदारी के लिए संजीव की पत्नी 45 वर्षी मंजू किचन में कुछ बनाने के लिए गईं. उनकी मदद करने के लिए संजीव की बहन 50 वर्षीय शर्मिला भी किचन में आ गईं. दोनों कुछ बनाने के लिए गैस जलाने लगीं. जैसे ही उन्होंने माचिस में जलाई, वैसे ही जोरदार ब्लास्ट हो गया.

बचाने गए लोग भी आए आग के चपेट में

जांच में सामने आया कि सिलेंडर में लीकेज हो रही थी. जिस कारण माचिस में आग लगते ही उसमें ब्लास्ट हो गया. आग तेजी से फैलने लगी. ननद और भाभी ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया. जान बचाने के लिए दोनों जैसे ही बाहर की ओर भागने लगीं, उनका पैर सिलेंडर की पाइप से फंस गया. जिस कारण वे वहीं गिर पड़ीं. चीख-पुकार सुनकर घर के कई लोग वहां आ गए. उन्होंने दोनों को बचाने की कोशिश की. लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों उसकी चपेट में आ गईं और उनकी वहीं मौत हो गई.

घटना से परिजनों में मचा कोहराम

वहीं, उनकी मदद करने वालीं बिट्टा देवी, रेनू और रामू भी आग में बुरी तरह झुलस गए. फौरन फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचना दी गई. घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाया. आगजनी की इस घटना में शादी का काफी सामान भी जलकर खाक हो गया है. इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है. दुल्हन और उसके पिता का रो-रो कर बुरा हाल है. इस तरह शादी की खुशियां पलभर में ही मातम में तब्दील हो गईं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sandeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >