UP Crime: लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई. बैंक कर्मी मानस ने पहले अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को ICICI बैंक के बाहर बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह करीब 2 किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के घर पहुंचा. यहां उसने अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी.
ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थी दिव्या मिश्रा
दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थी और आलमबाग में रहती थी. जानकारी के मुताबिक, उसने करीब एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी. दिव्या की शादी 12 साल पहले हुई थी. दिव्या यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी. वहीं, उसका पति मानस SBI बैंक में काम करता था. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
हुसड़िया चौराहे के पास पहुंचा था आरोपी, फिर कमरे में खुद को मारी गोली
मानस का घर हुसड़िया चौराहे के पास किराए पर है. जानकारी के मुताबिक, करीब 12:30 बजे वह वहां पहुंचा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पसीने से भीगा हुआ था. कमरे में जाने के बाद उसने दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाज सुनाई दी. मानस की बहन भी उसके साथ रहती थी. बाद में पता चला कि उसने बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली. बताया जा रहा है कि मानस के माता-पिता नहीं हैं.
सुसाइड से पहले WhatsApp Status में लिखा- पत्नी ने धोखा दिया
जानकारी के मुताबिक, खुद को गोली मारने से पहले मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था. इसमें उसने कथित तौर पर लिखा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने उसे धोखा दिया था. स्टेटस में उसने खुद को और अपनी बहन को भी मारने की बात लिखी थी. साथ ही उसने पत्नी की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत को सब कुछ पता होने का दावा किया था. हालांकि, WhatsApp Status में किए गए इन दावों की पुलिस जांच कर रही है.
