Constable Wife Murder : लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र की पेपर मिल कॉलोनी में रविवार को एक सिपाही पर अपनी पत्नी की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप लगा है. महिला का शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला. उसके सिर के आसपास खून के निशान थे. घटना के बाद आरोपी करीब तीन घंटे तक अपने बच्चे को लेकर घूमता रहा. बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. मृतका की पहचान 40 वर्षीय रश्मि श्रीवास्तव के रूप में हुई है. आरोपी पति हिमांशु श्रीवास्तव लखनऊ कमिश्नरेट के सूचना अधिकार प्रकोष्ठ में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है. वह 2011 बैच का सिपाही बताया जा रहा है.
विवाद के बाद पत्नी के सिर पर पत्थर से किए वार
जानकारी के मुताबिक, हिमांशु और रश्मि की शादी वर्ष 2015 में हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. पिछले करीब दो वर्षों से दोनों पेपर मिल कॉलोनी में मकान मालिक अंशुमान श्रीवास्तव के यहां किराये पर रह रहे थे. करीब एक साल पहले उनके घर बच्चे का जन्म हुआ था. रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हिमांशु ने रश्मि के सिर पर पत्थर से कई बार वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से रश्मि की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घर के अंदर महिला का शव फर्श पर पड़ा मिला.
हत्या के बाद बच्चे को लेकर घूमता रहा आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हिमांशु करीब ढाई घंटे तक मकान मालिक के पास बैठा रहा. इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक बच्चे को अपने साथ लेकर घूमता रहा. इसी दौरान मकान मालिक ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना में बताया गया कि किरायेदार हिमांशु ने अपनी पत्नी की मौत की जानकारी दी है. इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मृतका के भाई सौरभ श्रीवास्तव पुत्र शेषमणि श्रीवास्तव, निवासी तहापुर मालिकपुर, अंबेडकरनगर की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही हिमांशु श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पति हिमांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
Also Read : प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, गड्ढे में फंसी एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले गर्भ में बच्चे की मौत
