UP News: नौबस्ता थाने में प्रेम प्रसंग के मामले में पकड़े गए एक युवक ने बाथरूम में रखा तेजाब पी लिया. अचानक हुई इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया. पुलिसकर्मी आनन-फानन में युवक को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे. गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
प्रेम प्रसंग के मामले में पुलिस लाई थी थाने
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग को लेकर शिकायत की गई थी. इसी मामले में पुलिस ने आशीष द्विवेदी (40) उर्फ पुल्ली पंडित को पकड़कर थाने लाया था. देर रात उसने थाने के बाथरूम में रखा तेजाब पी लिया.
तेजाब पीते ही पुलिसकर्मियों में मचा हड़कंप
युवक के तेजाब पीने की जानकारी मिलते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए.उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई. पुलिसकर्मी आनन-फानन में आशीष को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया. फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
थाने पहुंचकर अफसरों ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह और एसीपी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने थाने में घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
तेजाब तक कैसे पहुंचा, इसकी हो रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक थाने के बाथरूम में रखे तेजाब तक कैसे पहुंचा. उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी भी जांच की जा रही है. वहीं, घटना के बाद युवक के परिजन फिलहाल कुछ भी बताने से साफ इनकार कर रहे हैं. पुलिस की ओर से मौके पर ड्यूटी लगाई गई है.
