UP Crime News : कानपुर के घाटमपुर में एक गर्भवती युवती की लाश ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. करीब एक महीने से लापता 25 वर्षीय युवती का शव गुरुवार सुबह पतारा के तिलसड़ा रोड स्थित एक बगीचे में मिला. वह छह माह की गर्भवती थी. लेकिन शव मिलने से ज्यादा हैरान करने वाली बात उसकी हालत थी. युवती को उसके लाल दुपट्टे पर पेड़ के नीचे सलीके से लिटाया गया था. माथे पर लाल बिंदी थी, पैरों में नई बिछिया थी और मांग लिपिस्टक से भरी हुई थी. होठों पर भी वही लिपिस्टक लगी थी. अब सवाल है कि उसे मौत से पहले दुल्हन की तरह सजाया गया था या मौत के बाद?
प्रेमी के बुलाने पर गई थी कानपुर
युवती पतारा कस्बे की रहने वाली थी. उसने बीएससी की पढ़ाई करने के बाद गुरुग्राम मेट्रो में नौकरी की थी. करीब डेढ़ साल बाद वह कानपुर लौट आई और एक कंपनी में काम करने लगी. इसी दौरान उसकी मुलाकात घाऊखेड़ा निवासी एक युवक से हुई. दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए.परिजनों के मुताबिक, युवक ने खुद को अनाथ बताया था. उसने युवती से शादी करने की इच्छा जताई थी. दोनों के साथ रहने के दौरान युवती गर्भवती हो गई. करीब तीन महीने पहले वह गांव लौट आई थी.
'मां-बाप शादी नहीं कर रहे, मेरे पास आ जाओ'
युवती की मां ने बताया कि जुलाई में प्रेमी ने फोन किया था. उसने कहा था कि उसके मां-बाप उसकी शादी नहीं कर रहे हैं. वह उसके पास आ जाए, वह उसे अपना लेगा.मां के मुताबिक, बेटी ने उनकी भी युवक से फोन पर बात कराई थी. युवक ने अच्छी नौकरी करने की बात कही थी और बेटी को अपनाने का भरोसा दिया था.इसके बाद 11 जुलाई को युवती प्रेमी के बुलाने पर दोबारा कानपुर चली गई. उस दिन परिवार की उससे बात भी हुई थी. इसके बाद उसका संपर्क टूट गया. करीब एक महीने बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिली.
पेड़ के नीचे दुपट्टे पर पड़ा था शव
गुरुवार सुबह केवड़िया मोड़ के पास बगीचे में युवती का शव मिला. पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पेड़ के नीचे उसके लाल दुपट्टे पर रखा था.दोनों पैरों की तीसरी उंगली में नई बिछिया थी. माथे पर लाल बिंदी लगी थी. मांग में लिपिस्टक भरी गई थी. यही लिपिस्टक उसके होठों पर भी लगी थी.शव की यह हालत जांच को और पेचीदा बना रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को इस तरह किसने रखा.
जिस बगीचे में मिली लाश, वहां शराब की बोतलों का अंबार
जिस बगीचे में युवती का शव मिला, वहां बड़ी संख्या में शराब के खाली क्वार्टर, बोतलें और गिलास पड़े थे. करीब चार बीघे में फैले बगीचे में हजारों खाली क्वार्टर होने की बात सामने आई है.पुलिस को मौके से कुछ नई शराब की बोतलें और गिलास भी मिले हैं. इन्हें कब्जे में ले लिया गया है.डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दक्षिण दिशा की ओर गया और फिर वापस उसी बगीचे में लौट आया.
