इस प्यार को क्या नाम दूं? धर्म बदलकर की दूसरी शादी, दो महीने बाद पति ने पत्नी का कर दिया कत्ल, जाने पूरी खबर

कानपुर देहात में एक सनसनीखेज लव मैरिज मर्डर केस सामने आया है. एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद में लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

Love Marriage Murder Case : कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में रविवार सुबह पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. पत्नी के किसी से मोबाइल पर बात करने को लेकर पति से विवाद हो गया. आरोप है कि गुस्से में पति गजेंद्र संखवार ने कमरे में रखी लोहे की रॉड से पत्नी सपना उर्फ आसमा के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल सपना को पुलिस मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी पति ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को पत्नी की हत्या की जानकारी दी. पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. दोनों ने करीब दो महीने पहले ही कोर्ट मैरिज की थी.

फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद

डेरापुर थाना क्षेत्र के डुडौली निवासी गजेंद्र संखवार (30) अकबरपुर के नेहरू नगर में आरटीओ कार्यालय के पीछे सुभाष संखवार के मकान में पत्नी सपना उर्फ आसमा (29) के साथ रहता था. गजेंद्र राजमिस्त्री का काम करता है. पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले गजेंद्र ने शिवली थाना क्षेत्र के सुनवर्षा निवासी सपना से कोर्ट में शादी की थी. इसके बाद दोनों अकबरपुर में किराये के मकान में रहने लगे थे. गजेंद्र पत्नी के किसी से फोन पर बात करने को लेकर नाराज रहता था. रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर गजेंद्र ने कमरे में रखी लोहे की रॉड से सपना के सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए. इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी.

चीख सुनकर ऊपर पहुंचे मकान मालिक

मकान मालिक सुभाष संखवार ने बताया कि वह मकान के नीचे के हिस्से में रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर तीन किरायेदार रहते हैं. गजेंद्र और उसकी पत्नी करीब डेढ़ महीने से उनके मकान में रह रहे थे. रविवार सुबह सपना के चीखने की आवाज सुनकर वह लोग ऊपर पहुंचे. तभी गजेंद्र ने सपना की हत्या करने और थाने जाने की बात कही और वहां से निकल गया. गेट के अंदर झांककर देखने पर सपना खून से लथपथ पड़ी थी. इसके बाद मकान मालिक ने साथी किरायेदारों और पड़ोसियों की मदद से गजेंद्र को पुलिस के आने तक मौके से जाने नहीं दिया.

मां से बोली थी- अब गजेंद्र के साथ नहीं रहना

सपना की हत्या के बाद उसकी मां खैरा बानो बदहवास हैं. रविवार देर रात करीब 10 बजे वह थाने पहुंचीं. उन्होंने पुलिस को बताया कि हत्या से करीब आधे घंटे पहले ही सपना ने उनसे फोन पर बात की थी. सपना ने मां से कहा था कि अब वह पति गजेंद्र के साथ नहीं रहना चाहती. वह गजेंद्र से शादी करके पछता रही थी. मां ने बताया कि उन्हें क्या पता था कि फोन कटने के कुछ ही देर बाद बेटी की हत्या की खबर आ जाएगी.

पहली शादी से सपना के तीन बच्चे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सपना की पहली शादी झींझक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी. उसके तीन बच्चे भी हैं. पति से अनबन के बाद करीब साढ़े तीन साल पहले सपना ने उसे छोड़ दिया था और स्वतंत्र रूप से रहने लगी थी. सपना के बिहार के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ रहने की जानकारी भी परिजनों को मिली थी. इसके चलते परिवार में नाराजगी थी और उसका सुनवर्षा आना बंद हो गया था. वहीं, गजेंद्र की भी पहले शादी हो चुकी थी. उसका एक बेटा है. आपसी अनबन के चलते उसकी पत्नी और बेटा उसके साथ नहीं रहते थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सपना और गजेंद्र की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. नजदीकियां बढ़ने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी.

शादी के कुछ समय बाद ही शुरू हो गई थी अनबन

मां खैरा बानो ने बताया कि वह कुछ दिनों के अंतराल पर बेटी सपना से फोन पर बात करती थीं. करीब दो महीने पहले सपना ने गजेंद्र के साथ शादी की थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी. दोनों में छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था. सपना अपने फैसले से खुश नहीं थी और अक्सर गजेंद्र को छोड़ देने की बात करती थी. रविवार सुबह करीब 10 बजे भी सपना ने मां से फोन पर बात की थी. उसने कहा था कि अब वह गजेंद्र के साथ नहीं रहना चाहती. कुछ देर बातचीत के बाद फोन कट गया. सपना ने फोन पर हुए विवाद या हत्या की नौबत आने की जानकारी मां को नहीं दी थी.

डेढ़ महीने में पहली बार हुआ विवाद

मकान मालिक सुभाष संखवार ने बताया कि गजेंद्र और सपना करीब डेढ़ महीने से उनके मकान की दूसरी मंजिल पर रह रहे थे. इस दौरान दोनों के बीच विवाद की आवाज कभी कमरे से बाहर नहीं आई थी. उन्होंने बताया कि रविवार को अचानक यह घटना हो गई. पड़ोसियों ने भी दोनों के बीच पहले विवाद की कोई जानकारी होने से इनकार किया.

आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूछताछ में आरोपी गजेंद्र ने घरेलू विवाद में हत्या करने की बात कबूल की है. महिला की मां खैरा बानो की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : लखनऊ में आज क्या सस्ता-क्या महंगा? दालों के दाम ने बढ़ाई टेंशन लेकिन सोना हुआ सस्ता, देखें पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >