16 रुपये की स्कीम सुन कपड़े की दुकान पर उमड़ी भीड़, कानपुर में मची भगदड़, UP पुलिस ने भांजी लाठियां

कानपुर की आलम मार्केट में 16 रुपये में 16 मिनट की खरीदारी का ऑफर लोगों के लिए सिरदर्द बन गया. हज़ारों की भीड़ ने आधी रात को ऐसा हंगामा मचाया कि पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं. जानिए क्या है पूरा मामला.

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में महज 16 रुपये में 16 मिनट तक खरीदारी की स्कीम ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. बेकनगंज की आलम मार्केट में स्वतंत्रता दिवस की आधी रात को कपड़े खरीदने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ में धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को तितर-बितर किया.

16 रुपये में 16 मिनट की खरीदारी का ऐलान

बेकनगंज की आलम मार्केट में रेडीमेड कपड़ा कारोबारी मोहम्मद आलम ने सोशल मीडिया के जरिए एक खास ऑफर का ऐलान किया था. इसके तहत 16 अगस्त की रात 12 बजे से महज 16 मिनट तक जींस, टी-शर्ट, ब्लेजर समेत कई सामान सिर्फ 16 रुपये में देने की बात कही गई थी. कारोबारी ने इस ऑफर का वीडियो और रील सोशल मीडिया पर शेयर की थी. वीडियो में ऑफर को लेकर लोगों को आकर्षित करने वाला अंदाज अपनाया गया था. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोग दुकान पहुंचने लगे.

आधी रात को हजारों की भीड़, मची धक्का-मुक्की

रात 12 बजते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग आलम मार्केट पहुंच गए. हर कोई 16 मिनट के भीतर अपनी पसंद का सामान खरीदना चाहता था. भीड़ बढ़ने के साथ ही वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. कम समय में ज्यादा से ज्यादा सामान खरीदने की होड़ में स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. बाजार और आसपास की सड़क पर भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

भीड़ बढ़ी तो बंद करना पड़ा मार्केट का गेट

हालात बेकाबू होते देख आलम मार्केट का गेट बंद कर दिया गया. इसके बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. कुछ लोग गेट के ऊपर चढ़कर सामान देने की मांग करने लगे. इसी दौरान कुछ युवाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया और कारोबारी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया.

सात थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंची पुलिस

हंगामे की सूचना पर डीसीपी समेत बेकनगंज और आसपास के करीब सात थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से शांत रहने और अपने-अपने घर लौटने की अपील की. बताया गया कि काफी समझाने के बावजूद भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं थी. इसके बाद पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस बोली- स्थिति नियंत्रण में, तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

बेकनगंज इंस्पेक्टर मतीन खान ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने भीड़ को मौके से हटा दिया है. उन्होंने कहा कि रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के खिलाफ तहरीर मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है.

Also Read : नोएडा से दिल्ली तक मेट्रो सफर हुआ आसान, अब एक कार्ड से कई मेट्रो नेटवर्क में कर सकेंगे यात्रा, जानें कीमत और बनाने का तरीका


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >