UP News: झांसी में सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत एक रहस्यमयी मौत के साथ हुआ. करीब डेढ़ साल पहले यश ठाकुर और शिवानी की पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी. दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने परिवार की सहमति से शादी कर ली. लेकिन शादी के बाद रिश्ते में खटास आने लगी. रविवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ. कुछ घंटे बाद पति बैग लेकर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर चला गया. सुबह उसी कमरे में शिवानी की लाश मिली. गले पर चोट का निशान था. अब सवाल है कि रात में कमरे के अंदर आखिर हुआ क्या?
रात के झगड़े के बाद बदला पूरा घटनाक्रम
मामला झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके का है. मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ निवासी 27 वर्षीय सुधा उर्फ शिवानी वंशकार के रूप में हुई है. परिवार के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और उसके पति यश के बीच विवाद हुआ था. शोर सुनकर पास में रहने वाले मामा संतोष ने दोनों को समझाया. इसके बाद मामला शांत हो गया और परिवार के लोग अपने-अपने कमरे में चले गये.
रात में बैग लिया और बाहर से कुंडी लगा दी
परिजनों के अनुसार, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग और सामान मांगा. शिवानी की बहन मुस्कान ने उसे बैग दे दिया. आरोप है कि सामान लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और वहां से चला गया. उस समय कमरे के अंदर शिवानी थी. परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद वहां का मंजर इतना भयावह होने वाला है. घटना के बाद से यश फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
सुबह दरवाजा खुला तो बिस्तर पर पड़ी थी शिवानी
सुबह करीब पांच बजे मुस्कान ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की. दरवाजा बाहर से बंद था. उसने शिवानी और यश को कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. परिवार के मुताबिक, दोनों के मोबाइल भी बंद थे. करीब नौ बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा. उसने बाहर से लगी कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली. परिजनों के अनुसार, उसके हाथ अकड़े हुए थे और मुंह से खून दिखाई दे रहा था. उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
गले पर चोट का निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शिवानी की बहन ने पति यश पर मारपीट और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होते थे. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक, महिला के गले पर चोट का निशान मिला है. शरीर के अन्य हिस्सों पर फिलहाल कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, कमरे की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है.
Also Read: उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, 7 फीट गहरे गड्ढे के ऊपर बिछी सड़क जैसी चादर...
