Meerut Air Show: मेरठ में 19 और 20 सितंबर को होने वाले भारतीय वायुसेना के सूर्यकिरण एयर शो से पहले शुक्रवार को ट्रायल उड़ान कराई गई. वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विमानों ने मेरठ के आसमान में उड़ान भरकर रिहर्सल की. इस दौरान अधिकारियों ने उड़ान मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों का जायजा लिया, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहें.
आसमान में दिखे हैरतअंगेज करतब
ट्रायल के दौरान विमानों ने एक साथ उड़ान भरते हुए शानदार फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया. सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के विमान मुख्य शो में अपनी गति, सटीकता और तालमेल से दर्शकों को रोमांचित करेंगे. अधिकारियों ने रिहर्सल के जरिए प्रदर्शन से जुड़े तमाम तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की जांच की.
हॉक एमके 132 से दिखेगा एरोबेटिक्स का जलवा
मेरठ के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप क्षेत्र में 19 और 20 सितंबर को मुख्य एयर शो आयोजित होगा. सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के Hawk Mk 132 विमान आसमान में लूप, बैरल रोल, इनवर्टेड फ्लाइंग और 'डीएनए' मैनूवर जैसे एरोबेटिक करतब दिखाएंगे. दोनों दिन प्रदर्शन की रूपरेखा समान रहने की जानकारी दी गई है.
आसमान में बनेगी तिरंगे की आकृति
एयर शो का एक खास आकर्षण विमानों से निकलने वाला रंगीन धुआं होगा. टीम के विमान स्वदेशी रूप से विकसित स्मोक पॉड्स की मदद से केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़ते हुए आसमान में तिरंगे की आकृति बनाएंगे. ट्रायल के बाद जिला प्रशासन और वायुसेना के अधिकारी अब आयोजन की अंतिम तैयारियों को पूरा करने में जुटे हैं.
बिना टिकट देख सकेंगे एयर शो, 15 हजार लोगों के पहुंचने की तैयारी
मेरठ में होने वाला यह एयर शो आम लोगों के लिए खुला रहेगा और इसके लिए किसी पास या टिकट की जरूरत नहीं होगी. प्रदर्शन सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा. आयोजन स्थल साउथ मेरठ RRTS स्टेशन से करीब 2.5 किलोमीटर और मोहिउद्दीनपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 1.8 किलोमीटर दूर बताया गया है. प्रशासन की ओर से करीब 15 हजार लोगों के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं. यह भी देखें: Amazon-Microsoft समेत दिग्गज कंपनियों पर यूपी की नजर! 26 GCC लगाएंगी अरबों का दांव, 22 हजार युवाओं को रोजगार की उम्मीद
