Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है. साहिबाबाद की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर एक युवती का अपने पिता से विवाद हो गया. आरोप है कि पिता के दस्तावेजों के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर बेटी इतनी नाराज हो गई कि उसने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी देने लगी. पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
पहले पिता से हुई बहस, फिर भाभी से भी हाथापाई
यह मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र का है. पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले अपनी मर्जी से घर छोड़कर अलग रहने लगी थी. आरोप है कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ अचानक घर पहुंची. बताया गया कि उसने पिता से कार लोन के लिए वेरिफिकेशन कराने और जरूरी दस्तावेजों की जांच में मदद करने को कहा. लेकिन हितेश तोमर ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया. इस बात पर प्रियंका भड़क गई और पिता के साथ गाली-गलौज करने लगी. जब घर में मौजूद भाभी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की गई.
25 मिनट बाद फिर लौटी बेटी, इस बार तोड़ दिया गेट
विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद प्रियंका वहां से चली गई. लेकिन करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची. आरोप है कि इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई. घर में घुसते ही उसने कथित तौर पर पिस्टल निकाल ली. इसके बाद पिता और भाभी की तरफ पिस्टल तानकर उन्हें गोली मारने की धमकी दी. अचानक हुए इस घटनाक्रम से दोनों बुरी तरह घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भागकर पहली मंजिल पर चले गए.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घर में लगे CCTV कैमरों में इस घटना की पूरी तस्वीर रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में युवती हाथ में पिस्टल लहराती हुई नजर आ रही है. साथ ही, घर का गेट तोड़कर अंदर घुसने और परिजनों को धमकाने की घटना भी कैमरे में कैद हुई है.
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी बेटी और सहेली की तलाश
घटना के बाद हितेश तोमर ने साहिबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है. ACP साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है. आरोपी युवती और उसकी सहेली की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: UP में बुजुर्गों के लिए खुशखबरी! योगी सरकार ला रही नई पॉलिसी, जानिए किस-किस शहर में मिलेगी सुविधा?
