UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. 14 अगस्त को प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, 61 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी यूपी तक कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की स्थिति बनने की भी संभावना है. खासकर खुले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
61 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
भारी बारिश के साथ सबसे बड़ी चिंता आकाशीय बिजली को लेकर है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 61 जिलों के लिए बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदान से दूर रहने की जरूरत है.
पूर्वी यूपी से पश्चिम तक दिखेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अगस्त को पूर्वी यूपी के साथ मध्य और पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालिया पूर्वानुमान में प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद और पीलीभीत समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है.
अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 13 से 18 अगस्त के बीच मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 अगस्त को भी व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि 17 और 18 अगस्त को गोरखपुर, बस्ती, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, आजमगढ़ और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचें. बिजली चमकने के दौरान पेड़ या अकेले खड़े ऊंचे ढांचे के नीचे खड़े होने से भी बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: गोमती में अब नहीं गिरेगी गंदगी: लखनऊ के 45 नालों पर योगी सरकार का मेगा एक्शन प्लान
