UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बहन की शादी के खर्च की चिंता में एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी वजह से वह सलाखों के पीछे पहुंच गया. जाजमऊ के ताड़बगिया इलाके में युवक ने अपने ही पड़ोसी के तीन मंजिला मकान को निशाना बनाया और करीब 30 मिनट के अंदर 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है.
लखनऊ गया था परिवार, पीछे से घर में घुसा पड़ोसी
अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) शिवा सिंह ने बताया कि घटना जाजमऊ के उत्तर बगिया इलाके की है. यहां रहने वाले एचसीएल (HCL) में डेटा इंजीनियर ओमान अपने भाई खुशहाल और मां के साथ 9 अगस्त की दोपहर कपड़ों की खरीदारी के लिए कानपुर से लखनऊ गए थे. इसी दौरान घर को सूना देखकर पड़ोसी जफर ने चोरी की योजना को अंजाम दिया. आरोप है कि जफर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुआ. इसके बाद उसने रसोई में रखे तवे की मदद से ताला और रोशनदान तोड़ा और घर के अंदर पहुंच गया. अलमारी में रखे सोने के कंगन, हार, चेन और 40 हजार रुपये नकद लेकर वह मौके से फरार हो गया.
छत पर मिली चप्पल ने पहुंचाया आरोपी तक
शाम को परिवार जब वापस घर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था. चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को घर की छत पर मौरंग से सनी हुई 8 नंबर की एक चप्पल मिली. यह चप्पल घर के किसी सदस्य की नहीं थी. पुलिस ने इसी सुराग को आगे बढ़ाते हुए आसपास रहने वाले संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की. इसी दौरान पड़ोसी जफर पुलिस को देखकर वहां से धीरे-धीरे खिसकने की कोशिश करने लगा. शक होने पर पुलिस ने उसे उसके किराये के कमरे से हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली.
15 लाख के जेवर और नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 15 लाख रुपये के शत-प्रतिशत जेवर और 40 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है. पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
‘पिता की मौत के बाद सारी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर आ गई’
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी जफर ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि उसके पिता की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी. करीब डेढ़ महीने बाद उसकी छोटी बहन की शादी तय है और घर में पैसों की काफी तंगी चल रही थी. आरोपी ने बताया कि शादी के खर्च को लेकर वह कई दिनों से तनाव में था. उसने देखा कि पड़ोसी परिवार लखनऊ गया हुआ है. इसके बाद उसने करीब 10 दिनों तक उनके घर की रेकी की और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. जफर ने पुलिस से कहा कि उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा था. इसी मजबूरी और सनक में उसने पड़ोसी के घर चोरी कर दी. हालांकि, उसकी यह कोशिश ज्यादा देर तक पुलिस से छिप नहीं सकी और छत पर छूटी एक चप्पल ने उसे सलाखों तक पहुंचा दिया.
यह भी पढ़ें: दूसरे से बात करती थी बसपा नेता की पत्नी कंचन, भतीजे ने उतार दिया मौत के घाट: नगरा हत्याकांड के खुलासे ने सबको चौंकाया
