‘शेर आया-शेर आया’ के नारों से गूंजा गोंडा, बृजभूषण शरण सिंह का भव्य स्वागत, मदरसे के बच्चों ने बरसाए फूल

UP News: पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से राहत मिलने के बाद गृह जिले गोंडा में समर्थकों का अभूतपूर्व स्वागत हुआ. अयोध्या से गोंडा तक उनके काफिले का जोरदार स्वागत किया गया, जिसमें 'शेर आया' के नारों और फूल-मालाओं की वर्षा हुई. मदरसे के बच्चों ने भी उनका अभिवादन किया, जो इस स्वागत को और खास बनाता है.

UP News: महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की अदालत से बरी होने के बाद पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के गोंडा दौरे की चर्चा तेज है. अपने गृह जिले पहुंचने पर उन्हें कई जगह समर्थकों का जोरदार स्वागत मिला. अयोध्या से गोंडा तक उनके काफिले के रास्ते में बड़ी संख्या में लोग नजर आए. फूल बरसाए गए, नारे लगाए गए और कई स्थानों पर आतिशबाजी भी हुई. अदालत ने तीन अगस्त को सिंह को मामले में बरी किया था.

नवाबगंज में मदरसे के बच्चों ने किया स्वागत

गोंडा जाते समय नवाबगंज क्षेत्र में एक मदरसे के बच्चों द्वारा बृजभूषण शरण सिंह के स्वागत का वीडियो सामने आया है. बच्चों ने फूल बरसाए और उनके समर्थन में ‘शेर आया, शेर आया’ के नारे लगाए. इस दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग भी मौके पर मौजूद दिखाई दिए. सिंह ने भी वहां रुककर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. यह स्वागत इसलिए चर्चा में आया क्योंकि हाल के दिनों में उनके गोंडा दौरे के दौरान अलग-अलग वर्गों के लोगों की ओर से स्वागत के कई दृश्य सामने आए हैं.

अयोध्या एयरपोर्ट से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला

बृजभूषण शरण सिंह चार्टर्ड विमान से अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे थे. वहां समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद वह काफिले के साथ गोंडा की ओर रवाना हुए. रास्ते में कई जगह समर्थक सड़क किनारे जमा रहे और फूलों की बारिश की गई. कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीनों से भी फूल बरसाए गए. सैकड़ों वाहन उनके काफिले के साथ चलते दिखाई दिए. इस पूरे कार्यक्रम को सिंह की राजनीतिक और सामाजिक पकड़ के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा गया.

‘शेर आया’ के नारों से गूंजा रास्ता, आतिशबाजी भी हुई

गोंडा पहुंचने के दौरान बृजभूषण सिंह के समर्थकों ने कई जगह ‘शेर आया’ के नारे लगाए. उनके काफिले के पहुंचने पर लोगों ने फूल बरसाए और कुछ जगह आतिशबाजी भी की. सिंह के स्वागत के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं. गोंडा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे थे. इससे पहले भी उनके स्वागत को लेकर व्यापक आयोजन की तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें सड़क किनारे भीड़ और वाहनों का लंबा काफिला नजर आया था.

अदालत से राहत के बाद फिर चर्चा में राजनीतिक भविष्य

बृजभूषण शरण सिंह के लिए यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अदालत से राहत मिलने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने छह महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में उन्हें बरी किया था. हालांकि महिला पहलवानों ने फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देने की बात कही है. दूसरी ओर सिंह ने अपनी राजनीतिक सक्रियता जारी रखने के संकेत दिए हैं. ऐसे में गोंडा में उनका भव्य स्वागत आने वाले समय में सियासी नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

यह भी देखें: नोएडा की चकाचौंध में युवाओं की खाली जेब, 15 तारीख के बाद खर्चों का पहाड़, सैलरी से बचत तक पहुंचना हुआ मुश्किल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >