UP News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां से जुड़े जौहर ट्रस्ट की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं. ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द किए जाने के बाद आयकर विभाग ने अब कथित अघोषित आय पर टैक्स, जुर्माना और ब्याज वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि आगे की कार्रवाई के लिए पूरा प्रकरण नई दिल्ली स्थित आयकर विभाग के मुख्यालय भेजा गया है.
450 करोड़ की अघोषित आय पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान जौहर ट्रस्ट से जुड़ी करीब 450 करोड़ रुपये की अघोषित आय सामने आने की बात कही गई है. इसी रकम को आधार बनाकर आयकर विभाग टैक्स के साथ जुर्माना और ब्याज लगाने की तैयारी में है. विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रस्ट से वसूली की रकम 500 करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
किन वजहों से रद्द हुआ ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन
लखनऊ स्थित आयकर विभाग ने हाल ही में जौहर ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द किया था. विभाग की कार्रवाई में कथित वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी ट्रस्टी बनाए जाने, संदिग्ध स्रोतों से चंदा लेने और सरकारी धन का इस्तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों के निर्माण में किए जाने जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया. विभाग के मुताबिक, ट्रस्ट को अपना पक्ष रखने और जरूरी दस्तावेज पेश करने के कई मौके दिए गए थे.
30 फीसदी जुर्माने के साथ ब्याज भी लगेगा
अब आयकर विभाग कथित अघोषित आय पर करीब 30 फीसदी जुर्माना और ब्याज के साथ रकम की वसूली की तैयारी कर रहा है. इसके अलावा जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों में जिन सरकारी विभागों का पैसा इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है, उसकी अलग से वसूली भी राज्य सरकार की ओर से की जा सकती है. इससे ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है.
ED की जांच भी जारी, संपत्तियों पर भी नजर
उधर, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी जौहर ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रहा है. हाल में जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, उन्हें अब राजधानी स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में बुलाकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है. साथ ही जौहर ट्रस्ट से जुड़ी उन संपत्तियों और इमारतों की भी जांच की जा रही है, जिनमें सरकारी धन के इस्तेमाल का आरोप है. आजम खां और उनके परिजनों की चल-अचल संपत्तियां भी जांच के दायरे में बताई जा रही हैं.
यह भी देखें: वाराणसी-प्रयागराज वालों के लिए गेमचेंजर होगा 9850 करोड़ का सागर-सतना एक्सप्रेसवे, MP का सफर होगा सुपरफास्ट
