Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (ट्रस्ट) ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं. ट्रस्ट की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. यह नियुक्ति मंदिर के प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी कार्यों के संचालन के लिए की जाएगी.
योग्यता और अनुभव की शर्तें
ट्रस्ट द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक की डिग्री होना जरूरी है. आवेदक की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसके साथ ही किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्थान, विभाग या कंपनी में प्रबंधकीय जिम्मेदारियों का कम से कम 20 वर्ष का अनुभव होना चाहिए. प्रशासन, वित्त, लेखा, मानव संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.
CEO की प्रमुख जिम्मेदारियां
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मंदिर ट्रस्ट की दैनिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्था और भविष्य की विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए जिम्मेदार होंगे. इसके अलावा वित्तीय पारदर्शिता, नियामकीय अनुपालन, सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठानों के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की निगरानी भी उनकी जिम्मेदारी होगी. ट्रस्ट ने कहा है कि चयनित अधिकारी मंदिर की व्यवस्थाओं को परंपराओं और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र-यूपी सरकार और ट्रस्ट से मांगा जवाब
