आगरा यूनिवर्सिटी : 40 हजार सीटें खाली, पसंदीदा कोर्स में प्रवेश पाने का मौका, 31 अगस्त तक करें रजिस्ट्रेशन

आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है. विभिन्न पाठ्यक्रमों की करीब 40 हजार सीटें अभी भी खाली हैं.

Agra University Admission 2026 : आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक (UG), परास्नातक (PG) और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की करीब 40 हजार सीटें अभी खाली हैं. ऐसे में उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है. विश्वविद्यालय ने प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है. जिन छात्रों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें इस मौके का लाभ मिल सकता है.

578 कॉलेजों में 2.06 लाख सीटों पर चल रही प्रवेश प्रक्रिया

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से कुल 578 कॉलेज संबद्ध हैं. इन कॉलेजों में यूजी, पीजी और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को मिलाकर करीब 2.06 लाख सीटें उपलब्ध हैं. विश्वविद्यालय के अनुसार, सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है. अब तक करीब 1.65 लाख सीटों के लिए पंजीकरण हो चुका है. इसके बावजूद लगभग 40 हजार सीटें अभी खाली हैं.

31 अगस्त तक पंजीकरण का मिला एक और मौका

विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक प्रो. मनुप्रताप सिंह ने बताया कि छात्रों के हित को देखते हुए पंजीकरण की तारीख बढ़ाई गई है. अब विद्यार्थी 31 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं. इससे उन छात्रों को खास तौर पर राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना पंजीकरण नहीं करा पाए थे.

निजी कॉलेजों में सबसे ज्यादा सीटें खाली

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान निजी कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त रह गई हैं. इसके बाद कॉलेजों की एसोसिएशन की ओर से पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई थी. एसोसिएशन का कहना था कि बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न कारणों से समय पर पंजीकरण नहीं करा सके हैं. अगर सीटें खाली रह जाती हैं तो इसका नुकसान छात्रों के साथ-साथ कॉलेज संचालकों को भी उठाना पड़ेगा.

तारीख बढ़ने से हजारों छात्रों को फायदा

डॉ. भीमराव आंबेडकर सेल्फ फाइनेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी कृपाल सिंह आर्य ने बताया कि निजी कॉलेजों में काफी सीटें खाली हैं. कई विद्यार्थी किसी न किसी वजह से पंजीकरण से वंचित रह गए थे. उन्होंने कहा कि पंजीकरण की तारीख बढ़ने से अब हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश लेने का एक और मौका मिलेगा. साथ ही खाली सीटों पर भी प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी.

मनपसंद कोर्स चुनने का भी मौका

करीब 40 हजार सीटें खाली होने के कारण विद्यार्थियों के पास पसंदीदा पाठ्यक्रम और कॉलेज चुनने के अधिक विकल्प हो सकते हैं. खासकर वे छात्र, जो पहले किसी विशेष कोर्स में सीट नहीं मिलने के कारण प्रवेश नहीं ले पाए थे, अब उपलब्ध सीटों की स्थिति देखकर आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 31 अगस्त से पहले पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें.

Also Read :16 लाख रुपये देकर पिता ने लगवाई बेटी की नौकरी, वेतन नहीं मिला तो खुली ठगी की पूरी कहानी, जाने पूरा मामला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >