यूपी पहुंची '15वें पुरुष हॉकी विश्वकप' की विजेता ट्रॉफी, सीएम योगी ने इंडियन टीम को दी अग्रिम शुभकामनाएं

Lucknow News: भारत की मेजबानी में आगामी 13 से 29 जनवरी 2023 तक आयोजित '15वें पुरुष हॉकी विश्वकप' की विजेता ट्रॉफी लखनऊ पहुंच चुकी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार यानी आज उत्तर प्रदेश आगमन पर ट्रॉफी का स्वागत किया.

Lucknow News: भारत की मेजबानी में आगामी 13 से 29 जनवरी 2023 तक आयोजित ’15वें पुरुष हॉकी विश्वकप’ की विजेता ट्रॉफी अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार यानी आज उत्तर प्रदेश आगमन पर ट्रॉफी का अभिनन्दन किया.

इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक 2020 की पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया. ललित के खेल योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है. इसी कड़ी में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है.

हॉकी इंडिया टीम को अग्रिम शुभकामनाएं- सीएम योगी

हॉकी विश्व कप ट्रॉफी के उत्तर प्रदेश आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओड़िसा में हॉकी विश्वकप की मेजबानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर भी होगा. उन्होंने विश्वकप के सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया टीम को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं.

भारतीय खिलाड़ी रच रहे नया इतिहास- सीएम योगी

‘हॉकी विश्वकप’ में शानदार प्रदर्शन के साथ जीत के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वकप की मेजबानी को पूरे भारत के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर कहा. उन्होंने कहा कि. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत में नवीन खेल संस्कृति का विकास हो रहा है. विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी नया इतिहास रच रहे हैं

वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत- सीएम योगी

हॉकी इंडिया द्वारा वर्ल्ड कप हॉकी टूर के आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, भारतीय प्रशंसक हमेशा हॉकी के प्रति विशेष लगाव रहा है. यह हमारा राष्ट्रीय खेल है और वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत रहा है. ओलंपिक में हमने आठ स्वर्ण पदक जीते हैं. इस विश्वकप में सभी खेलप्रेमी भारतवासी अपनी राष्ट्रीय टीम को समर्थन देने के लिए उत्सुक हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि, राष्ट्रीय खेल हॉकी के लिए उत्तर प्रदेश उर्वर भूमि रही है. उत्तर प्रदेश ने कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

उत्तर प्रदेश का गौरव हैं मेजर ध्यानचंद- सीएम योगी

उन्होंने कहा कि, खेल जगत में ‘हॉकी के जादूगर’ की संज्ञा से प्रसिद्ध महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद उत्तर प्रदेश के गौरव हैं. वर्तमान राज्य सरकार इस महान राष्ट्रभक्त खिलाड़ी के सम्मान में जनपद मेरठ में प्रदेश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय की स्थापना कर रही है. इसी प्रकार हॉकी के गौरव केडी सिंह बाबू उत्तर प्रदेश के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं. प्रदेश के वर्तमान खेल निदेशक स्वयं भी हॉकी के राष्ट्रीय टीम के कप्तान रह चुके हैं.

गांवों-कस्बों में हो रहा खेल संस्कृति का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि, खेल व खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की कोशिशों के क्रम में ही ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों के पदक विजेताओं के भव्य सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह क्रम आगे भी जारी रहेगा. सांसद खेल कूद प्रतियोगिता व ‘विधायक खेलकूद प्रतियोगिता’ के माध्यम से गांवों-कस्बों तक में खेल संस्कृति का विकास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sohit Kumar

Passion for doing videos and writing content in digital media. Specialization in Education and Health Story

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >