मिट्टी की दीवार गिरी, मलबे में पौन घंटे दबा रहा तीन साल के मासूम, मौत

ओडिशा के बामड़ा में लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवार गिरने से तीन साल के बच्चे की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। इलाके में शोक की लहर है।

बामड़ा : बामड़ ब्लॉक के गोविंदपुर न्यू कॉलोनी में रविवार दोपहर मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर तीन साल के एक मासूम की मौत हो गयी. लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी की दीवार कमजोर हो गयी थी और रविवार दोपहर अचानक भरभराकर ढह गयी. मृतक की पहचान कोलाबीरा ब्लॉक की पुखरासाले पंचायत अंतर्गत गम्हापाली गांव निवासी विवेक करसेल के पुत्र राजबीर (03) के रूप में हुई है.

लगातार जारी बारिश से कमजोर हो गई थी दीवार

जानकारी के अनुसार, विवेक करसेल झारसुगुड़ा में काम करते हैं. उनके बाहर रहने के कारण पत्नी रंजूलता करसेल छोटे बच्चे राजबीर के साथ गोविंदपुर न्यू कॉलोनी में गीतांजलि पात्र के मकान में किराये पर रह रही है और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है. पिछले कुछ दिनों से बामड़ा क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है. रविवार को भी बारिश जारी थी. इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे अचानक मकान की मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गयी. उस समय घर के अंदर मौजूद राजबीर दीवार के मलबे के नीचे दब गया.

स्थानीय युवकों ने मलबे से निकाला, पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. करीब 45 मिनट बाद बच्चे को मिट्टी और दीवार के मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे तत्काल गोविंदपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है. लगातार बारिश के कारण कमजोर और मिट्टी के मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में जर्जर मकानों का निरीक्षण कराने तथा मृत बच्चे के परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. सूचना मिलने पर गोबिंदपुर पुलिस मौके पर पहुंच एक अपमृत्यु मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >