Rourkela News: साइंस पार्क एंड प्लेनोटोरियम और निर्मल मुंडा परिवेश पथ आज से आम जनता के लिए खुलेगा

Rourkela News: राउरकेला में साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम तथा निर्मल मुंडा परिवेश पथ पर शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोला जायेगा.

Rourkela News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उद्घाटन किये जाने के बाद जहां ट्राइबल म्यूजियम गुरुवार से आम जनता के लिए खोल दिया गया है, वहीं छेंड कॉलोनी स्थित साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम तथा कोयलनगर स्थित निर्मल मुंडा परिवेश पथ को शुक्रवार से खोला जा रहा है.

साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम बच्चों की जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को देगा बढ़ावा

इस बारे में राउरकेला महानगर निगम की आधिकारिक सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की गयी है. हालांकि इसमें दोनों जगहों के शुल्क का जिक्र नहीं किया गया है. इस बारे में जिला सूचना और जनसंपर्क अधिकारी सीमा फातिमा एक्का ने पूछने पर बताया कि दोनों स्थलों के लिए राउरकेला स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से दर तय किये गये हैं. दोनों ही परियोजनाओं के उद्घाटन का शहरवासियों को बेसब्री से इंतजार था. खासकर साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम छात्रों के बीच वैज्ञानिक जागरुकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इसके जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है. आधुनिक प्रदर्शनियों और सीखने के रोमांचक अनुभवों से सुसज्जित यह केंद्र रोजाना सुबह 10 बजे से शाम साढ़े 5:00 बजे तक खुला रहेगा और आगंतुकों को विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया की एक दिलचस्प यात्रा करायेगा.

मुंडा परिवेश पथ पर प्राकृतिक सुंदरता के बीच खुद को तरोताजा करेंगे लोग

इसी तरह कोयलनगर स्थित ‘निर्मल मुंडा परिवेश पथ’ भी शुक्रवार से आम जनता के लिए खुल जायेगा. कोयल नदी के शांत किनारों पर स्थित यह पर्यावरण-अनुकूल रास्ता, अपनी हरियाली, शांत वातावरण और नदी की ठंडी हवा के साथ प्रकृति की गोद में एक ताजगी भरा अनुभव देगा. सुबह 7:00 से शाम 7:00 बजे तक खुला रहने वाला यह ‘परिवेश पथ’ पूरे शहर में सुबह की सैर, शाम की चहलकदमी और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक पसंदीदा स्थल बनने की उम्मीद है.

27 करोड़ से साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम

छेंड कॉलोनी में 27 करोड़ रुपये की लागत से विकसित साइंस पार्क और प्लेनेटोरियम में विज्ञान से संबंधित तरह-तरह की आकृतियों को स्थापित किया गया है. वहीं तारामंडल भी बना है. साइंस पार्क में प्रवेश शुल्क 10 रुपये व प्लेनेटोरियम में 70 रुपये होगा. यह सुबह 10 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुला रहेगा. वहीं सोमवार को बंद रहेगा.

40 करोड़ से बना है निर्मल मुंडा परिवेश पथ

40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित इस परियोजना का भी शहरवासियों को लंबे समय से इंतजार था. इसमें प्रवेश शुल्क 10 रुपये निर्धारित है. लोग सुबह 7:00 से शाम 7:00 बजे तक यहां भ्रमण के लिए पहुंच सकते हैं. सोमवार को बंद रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >