Rourkela News: आदिवासी समुदायों की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और जीवनशैली की दिखेगी झलक

Rourkela News: राउरकेला में 40 करोड़ से निर्मित अत्याधुनिक संग्रहालय का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को करेंगी.

Rourkela News: आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और जीवनशैली को दर्शाने वाला अत्याधुनिक संग्रहालय बनकर तैयार हो गया है. राउरकेला स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से 40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस संग्रहालय का उद्घाटन 21 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी. इस संग्रहालय में आदिवासी समुदायों की परंपरा, कला, संगीत और जीवनशैली को खास तौर पर प्रदर्शित किया गया है.

13 विशेष पिछड़ा जनजाति समूह की संस्कृति को दर्शाया गया

संग्रहालय की पहली मंजिल पर सीढ़ियों से लेकर दीवारों तक मछली, हिरण और मंदिर जैसी विभिन्न सांस्कृतिक व ऐतिहासिक कलाकृतियां देखने को मिलती हैं. यहां 13 विशेष पिछड़ा जनजाति समूह सहित पौड़ी भुइयां, भुइयां, खड़िया, ओरांव, मुंडा, भूमिज, बोंडा, डिडायी, चुकुटिया भुंजिया, सौरा, संथाल और अन्य जनजातियों की संस्कृति को दर्शाया गया है. मिट्टी के घर, आदिवासी नृत्य, लोक कला, विभिन्न वाद्ययंत्र, कृषि उपकरण, शिकार से जुड़े औजार, टेराकोटा शिल्प, लकड़ी के लोक परिधान, मालाएं और आभूषण भी प्रदर्शित किये गये हैं. इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेंद्र साई, बिरसा मुंडा, माधो सिंह बरिहा, कमल लोचन चोरा, दैतारी नायक और अन्य आदिवासी नायकों के योगदान को भी विशेष स्थान दिया गया है. फोटो गैलरी, ध्वज शिल्प, विभिन्न संप्रदायों के देवी-देवताओं की पूजा पद्धति और लोक गीत-संगीत की झलक भी यहां देखने को मिलेगी. संग्रहालय का उद्देश्य आदिवासी समुदायों की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करना और नयी पीढ़ी को उनकी संस्कृति से जोड़ना है.

राष्ट्रपति का दौरा : जिलापाल और एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

आगामी 21 अप्रैल को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्धारित दौरे से पहले राउरकेला में तैयारियां जोरों पर हैं. राष्ट्रपति हवाई अड्डा मैदान के पास एक जनसभा को संबोधित कर सकती हैं, जिसको लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं. इस हाइ-प्रोफाइल दौरे के मद्देनजर, अधिकारियों ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिये हैं. गुरुवार की दोपहर सुंदरगढ़ जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्रा, राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नीतेश वाधवानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थल का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा तैनाती, यातायात नियंत्रण और बुनियादी ढांचे की तैयारी सहित प्रमुख पहलुओं का आकलन किया. संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी तैयारियां समय से काफी पहले पूरी हो जायें. प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है कि राष्ट्रपति का दौरा सुरक्षित और सफल रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >