Bhubaneswar News: विशिष्ट शोधकर्ता डॉ कान्हूचरण पाढ़ी को मिला 8वां डॉ नागेंद्रनाथ प्रधान स्मृति सम्मान

ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बख्शी जगबंधु विद्याधर महाविद्यालय के ओड़िया विभागाध्यक्ष डॉ पाढ़ी को सम्मानित किया

Bhubaneswar News: अखिल भारतीय साहित्य परिषद, ओडिशा तथा ओडिशा साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में प्रोफेसर डॉ नागेंद्रनाथ प्रधान की स्मृति में आयोजित समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार, शोधकर्ता एवं शिक्षाविद् डॉ कान्हूचरण पाढ़ी को 8वां डॉ नागेंद्रनाथ प्रधान स्मृति सम्मान–2025 से सम्मानित किया गया. स्थानीय संस्कृति भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने बख्शी जगबंधु विद्याधर महाविद्यालय के ओड़िया विभागाध्यक्ष डॉ पाढ़ी को सम्मान पत्र, उपढौकन, श्रीफल एवं नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डॉ नागेंद्रनाथ प्रधान जैसी शोधपरक सोच को अपनाते हुए साहित्यकारों को ओड़िया साहित्य के अब तक अनालोचित पक्षों को उजागर करना चाहिए.

सम्मान स्वीकार करते हुए डॉ पाढ़ी ने अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया और डॉ नागेंद्रनाथ प्रधान की कृति ‘वेद वंदिता सरस्वती’ का उल्लेख करते हुए उनकी शोधात्मक साहित्य साधना और संगठनात्मक दक्षता पर प्रकाश डाला. परिषद के अध्यक्ष डॉ अभय कुमार नायक की अध्यक्षता में आयोजित इस स्मृति सभा में मुख्य वक्ता के रूप में सुदर्शन नायक (आईएएस) शामिल हुए. मंच पर ओडिशा साहित्य अकादमी के सचिव डॉ चंद्रशेखर होता तथा परिषद के महासचिव डॉ संतोष कुमार महापात्र भी उपस्थित थे. वक्ताओं ने डॉ प्रधान के प्रेरणादायी जीवन और ओड़िया भाषा-साहित्य के विकास के लिए उनके योगदान को स्मरण किया.

इस अवसर पर कई पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया, जिनमें डॉ. दुर्गामाधव पृष्टि की ‘ओड़िया साहित्य में कवि दीनकृष्ण’, डॉ. भवानी शंकर पटेल द्वारा अनूदित ‘ब्रजविहारी साहित्य – एक अध्ययन’ तथा डॉ. अमूल्यरत्न महांति द्वारा अनूदित ‘हमारी सांस्कृतिक विचारधारा के मूल स्रोत’ शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान “ओड़िया साहित्य में आत्मबोध से विश्वबोध” विषय पर परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें प्रख्यात विद्वानों ने अपने विचार रखे। समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL KUMAR JSR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >