Sambalpur News: घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये : डीएम

Sambalpur News: संबलपुर डीएम सिद्धार्थ बोलीराम बोंडार ने घरेलू गैस की कालाबाजारी पर लोक लगाने का आदेश अधिकारियों को दिया है.

Sambalpur News: संबलपुर डीएम सिद्धार्थ बोलीराम बोंडार ने शुक्रवार को घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी या व्यवसायिक कार्य में उपयोग होने पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश विभागीय अधिकारियों को दिया है. डीएम ने आपूर्ति विभाग और गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक कर घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा.

घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक, अफवाह से बचें : डीएम

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधीश ने कहा कि जिले में घरेलू गैस का अभाव नहीं है. हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है. हम रोज स्थिति की समीक्षा करने के साथ आपूर्ति, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के साथ वितरण व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं. उन्होंने अफवाहों से बचने का सलाह दी. कालाबाजारी करने वालों की धरपकड़ करने के लिए अनुमंडल एवं जिला स्तरीय स्क्वॉड का गठन किया गया है. बैठक में उपस्थित जिला आपूर्ति अधिकारी मिलन माझी ने बताया जिला के सभी 28 गैस वितरकों के पास सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक है. जिला में कुल दो लाख 34 हजार घरेलू गैस उपभोक्ता हैं. व्यावसायिक गैस सिलिंडर का वितरण अभी बंद है. सरकारी स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र, आहार केंद्र जैसी जरूरी सेवा को प्राथमिकता देने के साथ 19 किलो का व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का आदेश डीएम ने आपूर्ति विभाग को दिया है.

संबलपुर होटल व रेस्टोरेंट संघ ने गैस की किल्लत को लेकर डीएम से लगायी गुहार

संबलपुर होटल एवं रेस्टोरेंट संघ ने डीएम सिद्धार्थ बोलीराम बोंडार से मुलाकात कर रसोई गैस आपूर्ति का अभाव दूर करने की गुहार लगायी है. पिछले कुछ दिनों से व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो रहे है. गैस आपूर्ति ठप होने से होटल और रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो गया है. खाने-पीने के अभाव से यात्री, पर्यटक और अन्य व्यावसायिक कार्यों से होटल में ठहरने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. गैस आपूर्ति के अभाव में सामयिक तौर पर कुछ रेस्टोरेंट्स को बंद करना पड़ गया है. संघ ने डीएम से गैस सिलिंडर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.

डेढ़ दर्जन अवैध रसोई गैस सिलिंडर जब्त, आरोपी गिरफ्तार

संबलपुर पुलिस ने बुर्ला स्थित अटाचक्की पाड़ा से 16 अवैध रसोई गैस सिलिंडर जब्त किया है. इस मामले में आरोपी मुरथान प्रसाद माहाथा को गिरफ्तार किया गया है. वहीं आगामी दिनों में भी पुलिस ने रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी व अवैध कारोबार करनेवालों के खिलाफ अभियान जारी रहने की बात कही है. संबलपुर एसपी मुकेश भामू ने बताया कि बुर्ला थाना पुलिस ने शुक्रवार को गैस सिलिंडर के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है. जिनके पास से ये सिलिंडर जब्त किये गये, उनके पास कोई एजेंसी या लाइसेंस भी नहीं है. उसके पास से विभिन्न एजेंसियों के सिलिंडर मिले हैं. जब गाड़ी रोक कर उससे पूछा गया कि इतने सिलिंडर कहां ले जा रहा है, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. गिरफ्तार आरोपी बुर्ला अंचल का निवासी है और बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में रिफीलिंग भी करता है. मांगे जाने पर वह इस संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका. वह किसके साथ सिलिंडर का लेनदेन करता था, उसका भी पता लगाया जा रहा है. उसे गाड़ी व सिलिंडर के साथ गिरफ्तार किया गया है व आगे की कार्रवाई जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >