Rourkela News: स्मार्ट सिटी में तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश, उमस व गर्मी से मिली राहत

Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में सुंदरगढ़ में आंधी-पानी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने जिले में आठ मई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Rourkela News: स्मार्ट सिटी में तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत दे दी है. मौसम विभाग ने काल बैसाखी के प्रभाव में आठ मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. सुंदरगढ़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के कारण अगले चार दिनों में राज्य के विभिन्न स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. पश्चिम ओडिशा में दिन का तापमान 40 डिग्री तक आ सकता है, जबकि तटीय इलाकों में पारा 30 डिग्री के आसपास रहेगा.

50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, ओलावृष्टि भी संभव

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में सुंदरगढ़ समेत अन्य जिलों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि की भी संभावना है. स्मार्ट सिटी राउरकेला में रविवार की रात काल बैसाखी के प्रभाव में तेज हवा के साथ-साथ झमाझम बारिश से दिन भर की उमस वाली व चिपचिपी गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी.

रविवार के बाद सोमवार को भी मौसम में जारी रहा उतार-चढ़ाव

रविवार को सुबह से ही तेज धूप का अहसास हो रहा था. लेकिन दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गये. हालांकि बारिश तो नहीं हुई थी, ठंडी हवा चलने से अवश्य थोड़ी राहत मिली थी. इसके बाद रविवार की रात नाै बजे से बादल गरजने लगे व तेज हवा चलने लगी. इसी बीच बिजली की गड़गड़ाहट व तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश का दौर चल रहा. करीब आधा घंटे तक झमाझम बारिश होने के बाद भी रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा. इसके अलावा सोमवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहा. सुबह से लेकर दोपहर तक तेज धूप के साथ उमस भरी व चिपचिपी गर्मी से परेशानी हुई, तो दोपहर के बाद आसमान में बादल छाने के साथ ठंडी हवा चलने से लोगों को राहत भी मिली. मौसम के इस बदलाव से अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गयी है. गत शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 38. 2 डिग्री सेल्सियस था. वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान करीब एक डिग्री कम होकर 37.4 रिकॉर्ड किया गया था.

बंडामुंडा. पेड़ टूटकर रेलवे क्वार्टर पर गिरा, बड़ा हादसा टला

बंडामुंडा में रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते तेज बारिश के साथ करीब 5 से 7 मिनट चली तेज आंधी ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इस तेज आंधी में बंडामुंडा सी सेक्टर स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या-143 में एक पुराना और विशालकाय शिमाल का पेड़ 12 बजे अचानक गिर गया. पेड़ की भारी टहनियां मकान के किचन रूम की छत पर आ गिरीं, जिससे रसोईघर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. साथ ही पेड़ की एक बड़ी टहनी क्वार्टर के पहले कमरे पर भी गिरी, जिससे एस्बेस्टस शीट टूट गयी. गनीमत रही कि उस समय घर में मौजूद लोगों को किसी प्रकार की चोट नहीं आयी और एक बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि यह पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जो तेज आंधी का दबाव सह नहीं सका. क्वार्टर में रहने वाले रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी श्रीनिवास राव ने बताया कि रात करीब 12 बजे जोरदार आवाज सुनाई दी. बाहर निकलकर देखने पर पता चला कि पेड़ की विशाल टहनियां उनके किचन की छत पर गिर गयी हैं. उन्होंने तत्काल इस घटना की सूचना रेलवे के आइओडब्ल्यू और विद्युत विभाग को दी.

लाठीकटा : तूफानी बारिश से तबाही, कई स्थानों पर गिरे पेड़

दक्षिण राउरकेला शहर में रविवार की रात तूफानी बारिश के कारण गंजू मार्केट, साईं मंदिर के पास बस्ती और लाठीकटा रेलवे स्टेशन के पास बड़े-बड़े पेड़ गिर गये. सोमवार की सुबह लोगों ने मिलकर पेड़ों को काटकर रास्ता साफ किया. जानकारी के अनुसार, वैशाख मास के अंत और जेष्ठ मास के आरंभ में आंधी-तूफान चलने से पुराने पेड़ गिर गये. रविवार की रात 9:30 बजे अचानक तूफानी बारिश के कारण लाठीकटा ब्लॉक के रेलवे स्टेशन के पास लोडिंग यार्ड में भी एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे ट्रैक जाम हो गया. सोमवार सुबह छह रेल कर्मचारियों ने मिलकर पेड़ को काटकर अलग किया, जिससे ट्रैक साफ हुआ. गंजू मार्केट में भी पेड़ गिरने से रास्ता जाम हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने मिलकर साफ किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >