Rourkela News: राउरकेला में पारा 42 डिग्री पहुंचा, भीषण गर्मी व उमस से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Rourkela News: राउरकेला शहर का तापमान गुरुवार को 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है.

Rourkela News: राउरकेला शहर का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह 10 बजे के बाद गर्म हवा के थपेड़ों और उमसभरी गर्मी से लोग परेशान हैं. गुरुवार को राउरकेला शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा अधिकतम आर्द्रता भी 80 फीसदी से अधिक रही.

मौसम विभाग ने तापमान में बढ़ोतरी की दी चेतावनी

उमस और चिपचिपी गर्मी ने न केवल बाहर, बल्कि घरों में भी लोगों का जीवन दूभर कर दिया है. गर्मी से परेशान लोग गन्ना रस, लस्सी दुकान, आम पना स्टॉल आदि पर गला तर करने के लिए उमड़ रहे हैं. गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं. कोई गन्ने का रस पीकर राहत पा रहा है, तो कोई लस्सी का आनंद ले रहा है. आम पना भी लोगों का पसंदीदा पेय बना हुआ है. गर्मी का कहर अभी जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की चेतावनी दी है. गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम आर्द्रता 87 फीसदी व न्यूनतम आर्द्रता 34 फीसदी रही.

ओडिशा के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी, 2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान

ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आइएमडी) ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है. भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पश्चिमी और आंतरिक क्षेत्रों के कई जिलों के लिए हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों को अलर्ट पर रखा गया है उनमें बलांगीर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, देवगढ़, अनुगूल, बौध, कंधमाल, सोनपुर और संबलपुर शामिल हैं.

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है. वहीं तटीय जिलों में अगले सात दिनों तक अत्यधिक आर्द्रता बनी रहने की संभावना है, जिससे उमस और असहजता में वृद्धि होगी. भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. उन्होंने बताया कि तटीय क्षेत्रों में उच्च आर्द्रता बनी रहेगी, जबकि आंतरिक जिलों में हीटवेव की स्थिति जारी रहेगी. मौसम विभाग ने प्रभावित जिलों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. लोगों को तेज धूप में लंबे समय तक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हीटवेव की स्थिति कुछ दिनों तक बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है.

एसआरसी की समीक्षा के बाद स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों पर फैसला : मंत्री

ओडिशा में बढ़ती गर्मी के बीच स्कूलों में ग्रीष्मावकाश को लेकर सरकार जल्द निर्णय ले सकती है. विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि छुट्टियों को लेकर अंतिम फैसला जिलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया जायेगा. मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन जिलों में भीषण गर्मी की स्थिति है, वहां संबंधित जिला प्रशासन की रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में छात्रों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जायेगा. उन्होंने बताया कि विशेष रूप से पश्चिमी ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है, जिसे गंभीरता से लिया जा रहा है. इन क्षेत्रों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जा रहा है. मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा हीटवेव की समीक्षा किये जाने के बाद ही ग्रीष्मावकाश पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >