Rourkela News: जिला कांग्रेस कार्यालय पर गुरुवार को भाजपाइयों ने पूरी ताकत के साथ धावा बोला. जिला महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने संयुक्त रूप से इसकी अगुआइ की, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपाइ सुबह साढ़े 9 बजे कांग्रेस कार्यालय पहुंच गये. कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सभी कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पूर्व सूचना के कारण पुलिस ने पहले ही पूरे कांग्रेस भवन को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया था. यहां तक कि बैरिकेडिंग कर दी थी, ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति नहीं बने. हालांकि भाजपाइयों ने कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रोक दिया. इस कारण कुछ देर तक पुलिस के साथ भी तीखी झड़प हुई. लेकिन पुलिस ने किसी को भी कार्यालय की ओर आने नहीं दिया.
प्रगतिशील कानून में बाधा डालने का लगाया आरोप
प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे भाजपाइ अपने साथ राहुल गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर लाये थे. जिसे कांग्रेस कार्यालय के सामने फाड़ा गया. साथ ही राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का नारा लगाया गया. कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने पार्टी पर महिला सशक्तीकरण की उपेक्षा करने और महिलाओं के प्रतिनिधित्व व अधिकारों को बढ़ाने के उद्देश्य से लाये गये प्रगतिशील कानून में बाधा डालने का आरोप लगाया.
कांग्रेस कार्यालय में जबरन घुसने का किया प्रयास
प्रदर्शन तब और उग्र हो गया, जब भाजपा के कुछ आक्रोशित युवा और महिला कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कांग्रेस कार्यालय परिसर में जबरन घुसने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने समय पर हस्तक्षेप किया, जिससे अप्रिय घटना टल गयी. मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एक बैरिकेड बनाया और प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में घुसने से रोक दिया. गौरतलब है कि भाजपा इस बिल के लिए सक्रिय रूप से समर्थन जुटा रही है और इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में पेश कर रही है, जबकि कांग्रेस ने इसके कुछ प्रावधानों पर चिंता जतायी है, जिससे दोनों दलों के बीच एक राजनीतिक गतिरोध पैदा हो गया है.
कांग्रेस की मानसिकता के बारे में की जायेगी जनजागरुकता : निरूपमा
भाजपा की महिला नेता निरूपमा बलियार सिंह ने कहा कि मोदी सरकार एक ऐसा बिल लायी थी, जिससे पूरे देश की महिलाओं का भला होता. लेकिन कांग्रेस और विपक्षियों ने इसमें अड़ंगा डाल दिया. जिससे साफ है कि कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी है. लेकिन हम महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी और गली-गली में कांग्रेस की इस मानसिकता के बारे में लोगों को बतायेंगी, ताकि उन्हें कांग्रेस की असलियत का पता चल सके. यह विरोध पूरे देश में हो रहा है और राउरकेला सहित आसपास के इलाकों में भी हम लोगों को इस बारे में जागरूक करेंगे.
