Rourkela News: राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) ने पिछले छह दिनों में 35 परिवारों को 1.44 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि वितरित की है. इन परिवारों को प्लांट की ग्रीनफील्ड विस्तार परियोजना को आसान बनाने के लिए आरएसपी की जमीन से दूसरी जगह शिफ्ट किया जायेगा. ये परिवार काटे बस्ती, गिरजा टोला और बिजुबंद के रहने वाले हैं.
नौ मई को शुरू हुई है प्रक्रिया, योग्य परिवार को दिये जा रहे 5,16,620 रुपये
परियोजना से प्रभावित परिवारों के बीच चेक बांटने की प्रक्रिया नौ मई 2026 को शुरू हुई थी. आरएसपी अधिकारियों, राजस्व विभाग, पुलिस अधिकारियों और लाभार्थियों की मौजूदगी में सहायता राशि वितरित की जा रही है. यह पहल प्रोजेक्ट क्षेत्र में प्रभावित परिवारों को उचित पुनर्वास सहायता और वित्तीय मदद सुनिश्चित करने के लिए की गयी है. मंजूर किये गये मुआवजा ढांचे के तहत, हर योग्य परिवार को 5,16,620 रुपये का आर्थिक लाभ पाने का अधिकार है. झोपड़ी में रहने वाले परिवारों की संख्या सरकारी नियमों और सत्यापन प्रक्रिया के अनुसार तय की जाती है. हर झोपड़ी के बदले 650 वर्ग फीट की विकसित और प्लॉट की हुई जमीन का टुकड़ा दिया जायेगा. प्लॉट की गयी जमीन पर सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अलावा, हर प्रभावित झोपड़ी से एक सदस्य को नये प्लांट में आउटसोर्सिंग नौकरियों में विशेष रोजगार के लिए विचार किया जायेगा. आरएसपी ऐसे व्यक्तियों के लगातार रोजगार को आसान बनायेगा. आश्रित परिवार के सदस्यों को इएसआइ चिकित्सा सुविधा के तहत कवर किया जायेगा. इसके अतिरिक्त, इन परिवारों को कुछ शर्तों के साथ, अधिकतम छह महीने की अवधि के लिए अस्थायी ट्रांजिंट शेल्टर (रहने की जगह) उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपनी मौजूदा झोपड़ियों से शिफ्ट होने के तुरंत बाद वहां रह सकें.
आरएसपी : आकांक्षा ने पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के नगर सेवा विभाग की अप्रेंटिस प्रशिक्षु आकांक्षा परिड़ा ने 24 से 28 मार्च 2026 तक मेंगलुर में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर इस्पात नगरी तथा संगठन का नाम गौरवान्वित किया. 84 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए आकांक्षा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चैंपियनशिप में ओवरऑल स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उन्होंने 211 किलोग्राम वजन उठाकर स्क्वाट स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता तथा इस प्रतियोगिता में नया कीर्तिमान स्थापित किया. इसके अतिरिक्त, अपनी शक्ति एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए उन्होंने 95 किलोग्राम वजन उठाकर बेंच प्रेस स्पर्धा में कांस्य पदक भी हासिल किया. राष्ट्रीय स्तर पर उनकी यह उल्लेखनीय उपलब्धि उनके समर्पण, दृढ़ता एवं खेल कौशल को दर्शाती है. इस उपलब्धि से न केवल राउरकेला इस्पात संयंत्र, बल्कि पूरे राउरकेला शहर को गौरवान्वित किया है.
