Rourkela News: बड़गां थाना के एएसआइ 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, 3.31 लाख रुपये नकद व महंगी विदेशी शराब जब्त

Rourkela News: बड़गां थाना के एएसआइ अरूप नंद दास को विजिलेंस ने ढाबा मालिक से 25,000 रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया है.

Rourkela News: विजिलेंस की टीम ने सुंदरगढ़ जिले के बड़गां थाना में पदस्थापित एएसआइ अरूप नंद दास को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. एएसआइ रिश्वत की यह रकम एक ढाबा संचालक रंजन दास से ले रहे थे, उसी समय यह कार्रवाई हुई. गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने उनके सरकारी आवास सहित चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. उनके घर से विजिलेंस को 3.31 लाख रुपये नकद, महंगी विदेशी शराब, वियतनामी मुद्रा भी बरामद की है. आगे की जांच चल रही है.

शराब बिक्री की अनुमति देने के एवज में मांगी थी रिश्वत

विजिलेंस के अनुसार, एएसआइ दास ने ढाबा संचालक रंजन दास से इलाके में बिना किसी पुलिस दखल के अवैध देसी शराब का धंधा जारी रखने की अनुमति देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. जिसके बाद रंजन ने इसकी शिकायत विजिलेंस अधिकारियों से की थी. जिसके बाद जाल बिछाया गया और अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया.

पान की दुकान के पास ले रहा था रुपये

एएसआइ ने रिश्वत लेने के लिए रंजन को बड़गां बस स्टैंड के पास स्थित पान दुकान बुलाया था. वहां पर रुपयों को जैसे ही एएसआइ ने पकड़ा विजिलेंस ने उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली गयी.

पिछले साल मई में वियतनाम घूमने गया था एएसआइ

विजिलेंस की जांच में पता चला है कि एआइआइ दास पिछले साल मई में वियतनाम की यात्रा पर गये थे. उनके घर से वियतनामी और नेपाली मुद्राएं भी मिली है. तलाशी के दौरान उनके भुवनेश्वर और बडागांव में सरकारी क्वार्टर से 3,31,316 रुपये विजिलेंस टीम ने बरामद किये हैं.

एएसआइ के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत भी दर्ज होगा मामला : विजिलेंस एसपी

सुंदरगढ़ जिले के बड़गां थाना में पदस्थापित एएसआइ अरूप नंद दास के घर छापेमारी में महंगी विदेशी शराब जब्त हुई है. जिस कारण अब इस मामले में आबकारी विभाग को भी शामिल किये जाने की सूचना है. विजिलेंस एसपी पीके द्विवेदी ने शुक्रवार शाम अपने पानपोष हॉकी चौक स्थित कार्यालय में मीडिया से जानकारी साझा करते हुए कहा कि एएसआइ के खिलाफ हमें पहले से शिकायतें मिल रही थी. श्री द्विवेदी ने बताया कि एएसआइ के घर में जब हमने छापेमारी की, तो वहां से विदेशी शराब की 10 बोतलें मिली हैं, जो काफी महंगी हैं. इतनी मात्रा में शराब घर पर रखने का ठोस कारण वह नहीं बता पाये हैं. लिहाजा हम आबकारी विभाग को भी इसकी सूचना दे रहे हैं, ताकि वे एक मामला दर्ज कर सकें. इसी तरह उनकी विदेश यात्राएं केवल वियतनाम में हुई हैं या किसी और देश भी गये हैं, इसका भी हम पता लगा रहे हैं. इसके लिए पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क में है. उनका घर कटक के हरिपुर में हैं और नखरा चौक के पास एक 15 लाख रुपये का प्लॉट भी जानकारी में आया है. जिस शख्स से एएसआइ ने रिश्वत ली, वह ढाबा संचालक है और उसके खिलाफ एएसआइ ने अतीत में कार्रवाई भी की थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >