Rourkela News: इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी राउरकेला शहर शाखा ने शुक्रवार को वर्ल्ड रेडक्रॉस डे मनाया. मौके पर उदितनगर में आइटीडीए के कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एडीएम सह राउरकेला महानगर निगम की आयुक्त दीना दस्तगीर ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर नोबेल पीस प्राइज विजेता हेनरी डुनेंट को याद किया. कहा कि यह दिन हेनरी डुनेंट के जन्मदिन के मौके पर मनाया जाता है. उन्होंने युद्ध के दौरान घायल और लाचार लोगों की मदद करने के महान विचार के साथ रेड क्रॉस मूवमेंट शुरू किया था.
रेडक्रॉस सोसाइटी कर रही मानव सेवा
राउरकेला एडीएम ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड डोनेशन कैंप, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मदद, फर्स्ट एड ट्रेनिंग और हेल्थ अवेयरनेस जैसे कई सेवा के काम कर रही है. आज हम सभी इंसानियत की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहने का विचार लेकर चलते हैं. एक छोटा सा सहयोग भी किसी लाचार इंसान की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकता है. इंसान की जान कीमती है, अगर आप अपने आस-पास किसी हादसे के शिकार को देखें, तो आपको तुरंत मदद करने और जान बचाने में मदद करने की इच्छा दिखानी चाहिए.
एक साल में 22 लोगों को दी गयी रेड क्रास कोष से मदद
एडीएम ने बताया कि पिछले साल जुलाई से अब तक रेड क्रॉस फंड से 22 लोगों को 2 लाख 61 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गयी है. इनमें से ज्यादातर कैंसर के मरीज हैं. इसके अलावा, ट्रैफिक गेट मार्केट में लगी आग से प्रभावित छह दुकानदारों, हाल ही में हुए प्लेन क्रैश में मरने वालों के परिवारों को आर्थिक मदद दी गयी है. इससे पहले महानगर निगम कार्यालय के सामने एक जागरुकता रैली निकाली गयी. रैली में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स ने हिस्सा लिया और एडीएम ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया. जागरुकता रैली आरएमसी कार्यालय से शुरू हुई और आंबेडकर चौक से होते हुए आइटीडीए कॉन्फ्रेंस हॉल तक गयी.
