Rourkela news: आरएसपी में भारत की सर्वश्रेष्ठ इस्पात निर्माता कंपनी बनने की क्षमता : आलोक वर्मा

Rourkela news: राउरकेला इस्पात संयंत्र की 876वीं सामूहिक संपर्क सभा में कार्मिकों को निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा ने संबोधित किया.

Rourkela news: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा ने सोमवार को गोपबंधु सभागार में आयोजित 876वीं सामूहिक संपर्क सभा में कार्मिकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि अपने संगठन को समर्पण के साथ संवारेंगे, तो वह बदले में आपको संवारेगा. आइए, हम सभी मिलकर आने वाले वर्षों में आरएसपी को कम लागत वाला इस्पात उत्पादक बनाने का प्रयास करें. श्री वर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि आरएसपी में भारत की सर्वश्रेष्ठ इस्पात निर्माता कंपनी बनने की क्षमता है.

सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने का करें प्रयास

श्री वर्मा ने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करें. उन्होंने कहा कि लगातार बदलते इस्पात बाजार और वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों में हर गतिविधि में लागत कम करना ही हमारे अस्तित्व की कुंजी है. आरएसपी के कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रभारी निदेशक ने कहा कि वर्तमान में हमारे सामने दो चुनौतियां हैं, एक लागत को अनुकूलित करना और दूसरी भविष्य में हमारी पूंजीगत व्यय योजना में परिकल्पित 9.8 मीट्रिक टन गर्म धातु उत्पादन का लक्ष्य प्राप्त करना.

एबीपी में इस वर्ष के लिए निर्धारित कठिन लक्ष्य की याद दिलायी

कार्यपालक निदेशक (संकार्य) बीआर पलई ने आरएसपी समूह को हाल ही में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के लिए बधाई दी और एबीपी में इस वर्ष के लिए निर्धारित कठिन लक्ष्य की याद दिलायी. सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए श्री पालाई ने प्रत्येक कर्मचारी से वर्कशॉप में अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने दुर्घटना के बाल-बाल बचने जैसे मामलों की सूचना पूरी लगन और उत्साह के साथ देने पर बल दिया. कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस पालचौधरी ने परियोजना निष्पादन एवं विभिन्न कॉरपोरेट एएमआर तथा कॉम परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी. उन्होंने निकट भविष्य में परियोजना विभाग के लिए एक व्यापक परियोजना सुरक्षा मैनुअल लागू करने की जानकारी भी साझा की. मंच पर कार्यपालक निदेशक (खान विकास एवं सीएमएलओ) बीके गिरि, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अनिल कुमार, कार्यपालक निदेशक (खान, सीएलएमओ) एमपी सिंह भी उपस्थित थे. इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ जेके आचार्य, कई मुख्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं खान सहित आरएसपी के विभिन्न विभागों के लगभग 500 कर्मचारी सत्र में शामिल हुए. कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण परस्पर वार्ता सत्र रहा, जिसमें विभिन्न विभागों एवं स्तरों के कर्मचारियों ने उत्पादन, उत्पादकता, अनुरक्षण, सुरक्षा, ज्ञान संवर्धन, स्वास्थ्य तथा टाउनशिप सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किये.

सूर्यकांत महापात्र, एम दलबेहरा और सीबीएन रथ को मिला सर्वोत्तम सुझावकर्ता पुरस्कार

बात-चीत के दौरान दिये गये सुझावों की गुणवत्ता से प्रसन्न होकर निदेशक प्रभारी ने तीन कर्मचारियों सूर्यकांत महापात्र (सीपी-2), एम दलबेहरा (एसएसएम) तथा सीबीएन रथ (काल्टा लौह अयस्क खदान) को ‘सर्वोत्तम सुझावकर्ता’ पुरस्कार प्रदान किया. इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद आरएसपी के पिछले वित्तीय वर्ष के निष्पादन, विभिन्न उपलब्धियों, सुरक्षा पहलों तथा चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों एवं रणनीति पर आधारित स्लाइड प्रस्तुति दी गयी. साथ ही पूर्व में दिये गये सुझावों की स्थिति पर भी एक प्रस्तुति प्रदर्शित की गयी. कार्यक्रम का समन्वय प्रशासनिक सहायक (मानव संसाधन-एलएंडडी) सत्यवती बेहेरा द्वारा किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >