Video : जूता गीला न हो, इसलिए नाला पार करने बुजुर्ग की पीठ पर बैठ गया पटवारी, वीडियो वायरल
Copied link
मध्य प्रदेश में एक पटवारी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नाला पार करता दिख रहा है. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अवैध वसूली के आरोप भी लगाए हैं, जिसके चलते पटवारी को निलंबित कर दिया गया है.
सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसको लेकर सरकारी कर्मचारियों के व्यवहार और व्यवस्था पर सवाल किया जा रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पानी से भरा नाला पार करता दिखाई दे रहा है. मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है.
माटा गांव का बताया जा रहा है वीडियो
मामला मध्य प्रदेश के सीधी जिले की ग्राम पंचायत माटा का है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वायरल वीडियो में बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नाला पार कर रहा व्यक्ति पटवारी नीलेश नामदेव है.
वीडियो में बुजुर्ग पानी और कीचड़ से होकर आगे बढ़ता दिखाई देता है और पटवारी उसकी पीठ पर बैठकर दूसरी तरफ पहुंचता है. ग्रामीणों के मुताबिक बुजुर्ग की उम्र करीब 65 साल है.
बताया गया कि पटवारी इलाके में सर्वे के सिलसिले में पहुंचा था. रास्ते में पानी भरा होने के कारण बुजुर्ग ने उन्हें अपनी पीठ पर बैठाकर नाला पार कराया.
हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार गांव वालों का कहना है बारिश के कारण पानी से भर जाने और शायद जूते गीले न हो इसलिए वो बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नाला पार कर रहा था.
ग्रामीणों ने लगाए अवैध वसूली के आरोप
मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पटवारी के खिलाफ शासकीय पट्टा, पीएम किसान सम्मान निधि, जाति प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र जैसे कामों के लिए सेवा शुल्क मांगने के आरोप भी लगाए गए.
ग्रामीणों ने मामले को लेकर जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर से जांच और कार्रवाई को लेकर शिकायत दर्ज कराया गया है.
पटवारी नीलेश नामदेव निलंबित
मामले में गोपद बनास की एसडीएम प्रिया पाठक ने पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
प्रशासन के अनुसार, प्रथम दृष्टया उनका व्यवहार असंवेदनशील और अपमानजनक पाया गया.
कलेक्टर विकास मिश्रा के मुताबिक वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना है और निलंबन की कार्रवाई केवल वीडियो की वजह से नहीं, बल्कि राहत कार्यों में गड़बड़ी और ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर की गई है.
गौतम कुमार वर्तमान में प्रभात खबर से जुड़े पत्रकार हैं. वे राजनीति, इतिहास, साहित्य, खेल, कानून, लोक संस्कृति और मनोरंजन जैसे विविध विषयों पर लिखते हैं. किसी विषय पर रिपोर्टिंग या लेखन के दौरान उनका जोर केवल घटनाओं की जानकारी देने पर नहीं, बल्कि उसके पीछे की पृष्ठभूमि, सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भ और उसके प्रभाव को समझाने पर रहता है.
अपने पत्रकारिता करियर में गौतम कुमार ने RealisticMedia और दैनिक भास्कर जैसे मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है. पत्रकारिता के अलावा उन्हें डिजिटल कंटेंट लेखन, वीडियो स्क्रिप्टिंग और डिजिटल प्रोडक्शन का अनुभव भी है. स्वतंत्र लेखक और ब्लॉगर के तौर पर उन्होंने अलग-अलग विषयों और डिजिटल माध्यमों के लिए लेखन किया है.
किताबों, फिल्मों और कहानियों में उनकी विशेष रुचि है. वे मानते हैं कि अच्छी किताब या अच्छी फिल्म मिलने के बाद बाकी दुनिया कुछ देर इंतजार कर सकती है. यही रुचि उनके लेखन में भी दिखाई देती है, जहां वे खबर और घटनाओं के पीछे छिपी कहानी को समझने और पाठकों के सामने उसे सरल और संदर्भपूर्ण तरीके से रखने की कोशिश करते हैं.
गौतम कुमार मानते हैं कि किसी विषय पर राय अलग हो सकती है और नजरिया भी अलग हो सकता है, लेकिन सार्थक संवाद की शुरुआत इन्हीं अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने से होती है. इसलिए पाठकों की राय, सुझाव और विचार उनके लिए महत्वपूर्ण हैं. उनसे सोशल मीडिया के माध्यम से भी जुड़ा जा सकता है.