MP Weather : मध्य प्रदेश में बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है. रविवार 6 सितंबर को जारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार 7 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का मौसम बना रहेगा. कुछ जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. ऐसे में किसानों और बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम पर नजर रखने की जरूरत है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने पर खुले इलाकों में जाने से बचना चाहिए.
भोपाल से जबलपुर तक बारिश के आसार
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है.
इसके अलावा सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, मैहर और पांढुर्णा में भी कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.
इन इलाकों में भी पड़ सकती हैं बौछारें
बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. यानी सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है.
किसानों के लिए जरूरी मौसम अपडेट
IMD ने किसानों को भारी बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है. खेतों में पानी जमा होने से बचाने के लिए जल निकासी की व्यवस्था रखने को कहा गया है. फसल, बीज, खाद और कृषि उपकरणों को भी बारिश से सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी गई है.
बिजली चमके तो इन बातों का रखें ध्यान
गरज-चमक के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े होने से बचें. अगर संभव हो तो घर के अंदर रहें और बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए प्लग निकाल दें. तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें: ट्रेन का सफर है तो घर से खाना ढोने की जरूरत नहीं, सीट पर मिलेगा मनपसंद खाना; IRCTC की इस सुविधा को ऐसे करें इस्तेमाल
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam : 6 सितंबर को कहां बरसेंगे बादल? UP-MP और बिहार में भी बदलेगा मौसम; IMD ने बताया हाल
