रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. दहेज प्रताड़ना और पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. बूटी मोड़ स्थित डुमरदगा निवासी स्वीटी ने अपने पति हरीश कुमार दुबे और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत की है. महिला ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने और अपने सोने-चांदी के जेवर वापस दिलाने की गुहार लगायी है.
शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, स्वीटी की शादी 28 अप्रैल 2024 को बक्सर निवासी हरीश कुमार दुबे के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के करीब 15-20 दिन बाद से ही पति हरीश कुमार दुबे, ससुर राम दरश दुबे, सास धनेश्वरी देवी और ननदों की ओर से नगद रुपये, गहने और फर्नीचर की मांग की जाने लगी.
महिला का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर करीब 11 महीने तक उसे प्रताड़ित किया गया. इसके बाद मामला महिला थाना और जिला न्यायालय तक पहुंचा. महिला के अनुसार, भरण-पोषण और तलाक से संबंधित मामला फिलहाल विचाराधीन है.
दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहुंची महिला
शिकायत के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 की रात स्वीटी को जानकारी मिली कि उसके पति ने 25 जून 2026 को लातेहार की कशिश कुमारी से दूसरी शादी कर ली है. इसके बाद उसे यह भी जानकारी मिली कि कशिश की ओरमांझी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी है.
आरोप है कि कशिश का शव सैनिक कॉलोनी स्थित हरीश कुमार दुबे के घर लाया गया. जानकारी मिलने के बाद स्वीटी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचीं. महिला का कहना है कि वहां पहुंचने पर उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी सही होने का पता चला.
जेवर वापस दिलाने और कार्रवाई की मांग
स्वीटी ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उसने अपने सोने-चांदी के जेवर ससुराल वालों के कब्जे से वापस दिलाने की भी गुहार लगायी है. पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है. दूसरी शादी और दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
