पांच दिनों से लापता अधेड़ का शव गड्ढे में मिला, हत्या कर दफनाने की आशंका

झारखंड के मझगांव में पांच दिनों से लापता 55 वर्षीय पांडू आल्डा का शव गड्ढे में दबा मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतिनिधि, मझगांव

मझगांव थानांतर्गत धोबाधोबिन ग्राम के हेसलगुटु टोला से बीते रविवार शाम से लापता 55 वर्षीय पांडू आल्डा का शव बुधवार को बरामद किया गया है. मृतक की पत्नी का निधन कई वर्ष पूर्व हो चुका है. बुधवार शाम को मृतक के बेटों सुखलाल आल्डा व फाजिल आल्डा को सूचना मिली कि उनके पिता की हत्या कर दी गयी है. अपराधियों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से धोबाधोबिन टोला हेसलगुटु के देशाउली के समीप एक खेत के गड्ढे में शव को दफना दिया है. सूचना मिलते ही दोनों बेटों ने बुधवार शाम को ही मझगांव थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. मझगांव पुलिस तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची, जहां गड्ढे में मिट्टी से दबा हुआ शव दिखा. शव पूरी तरह से सड़-गल चुका था. मझगांव पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया. गुरुवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किये और शव की पहचान पांडू आल्डा के रूप में की. इसके बाद सड़े-गले शव को गड्ढे से बाहर निकाला गया.

चाईबासा भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

मझगांव पुलिस देर शाम शव को थाना लेकर आयी, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि हत्याकांड के पीछे कोई पारिवारिक विवाद या फिर जमीन से जुड़ा पुराना विवाद हो सकता है. मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Wasiuddin

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >