गोइलकेरा. पीएलएफआइ ने घर से निकालकर मारी गोली
गोइलकेरा : गोइलकेरा के सिमको गांव में गुरुवार की रात पीएलएफआइ के आठ सदस्यों ने गुदड़ी प्रखंड की टोमडेल पंचायत की मुखिया मारशा बुढ़ के पति सह मनरेगा मेट सेवियन बुढ़ को घर से बाहर निकाल कर गोली मार दी. उग्रवादियों ने उसकी छाती और दाहिने पैर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. पूर्व वार्ड सदस्य सेवियन पंचायत में मनरेगा से चल रहे कार्यों को देखने टोमडेल गये थे. वे यहां मजदूरों को काम पर लगाने पहुंचे थे. सेवियन वर्ष 2011 से अपने परिवार के साथ गोइलकेरा में रह रहे थे. वे अपनी पंचायत से वार्ड सदस्य रह चुके हैं.
घर से 10 मीटर दूर ले जाकर मारी गोली. सेवियन के भाई अल्बर्ट बुढ़ ने बताया कि टोमडेल में बन रहे पंचायत भवन का कार्य देखने गुरुवार दिन के 12 बजे सेवियन घर से निकला. टोमडेल पहुंचने के बाद सेवियन अपने निवास सिमको गांव (12 किलोमीटर दूर) चला गया. रात में वहीं रहने का निर्णय लिया. रात आठ बजे घर के बाहर करीब आठ हथियार बंद लोग पहुंचे. सेवियन को घर से बाहर निकाला. उसे 10 मीटर दूर स्कूल के समीप ले जाकर दो गोली मारी. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवियन को 12 एमएम बोर की दो गोली मारी गयी है.
एक गोली छाती व दूसरी दाहिने पैर में मारी गयी है.
उग्रवादियों ने दी थी धमकी. गुदड़ी प्रखंड में बीते पांच माह से विभिन्न गांवों में चल रही शांति सभा की बैठक का नेतृत्व करने के कारण सेवियन पीएलएफआइ के टारगेट पर था. सेवियन का ग्रामसभा में भाग लेना उग्रवादियों को पसंद नहीं था. नक्सलियों को सेवियन के गुरुवार को सिमको में आने की सूचना थी. जानकारी के अनुसार पूर्व में उग्रवादियों ने सेवियन को धमकी भी दी थी.
मनरेगा का कार्य देखने टोमडेल गये थे सेवियन, रात में अपने गांव सिमको में रुके थे
पत्नी मारशा बुढ़ को निर्विरोध मुखिया बनाने में अहम भूमिका थी
पूर्व में माओवादी से संबंध हत्या का कारण:एसपी
हत्या के पीछे पूर्व में माओवादी से संबंध होना हो सकता है. हत्या में पीएलएफआइ के मंगरा लुगून और शनिचर लुगून दस्ते का हाथ है.
अनिश गुप्ता, एसपी, चाईबासा
