20सूत्री अध्यक्ष ने प्रखंड के सात स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
प्रधान शिक्षक के छुट्टी पर रहने के कारण मध्याह्न भोजन में अंडा नहीं मिला
उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेड़ियाटंगर के खुले कुआं को ढ़कने का निर्देश
सरकार की ओर से सुबह आठ बजे स्कूल खोलने का समय तय है
तांतनगर : तांतनगर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष दुर्गाचरण नाग ने सोमवार को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया. सुबह 9.10 बजे प्राथमिक विद्यालय दारा में शिक्षक नहीं पहुंचे थे, जबकि बच्चे बाहर खेल रहे थे. संयोजिका सुनीता पुरती ने बताया अबतक शिक्षक नहीं पहुंचे हैं. सुबह 9.25 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईचापी में भी वही स्थिति थी. संयोजिका सुमित्रा बोयपाई ने बताया अबतक तक शिक्षक नहीं पहुंचे हैं. हालांकि विद्यालय खुलने का समय सुबह आठ बजे है. दूसरी ओर
सुबह 9.35 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ा कोयता में कोई उपस्थित नहीं था. बच्चे बाहर खेल रहे थे. सुबह 10 बजे प्राथमिक विद्यालय छोटा कोयता में शिक्षक सूरज भगत मिले. विद्यालय में रजिस्टर का संधारण नहीं था. विद्यालय में 70 विद्यार्थी नामांकित है. शिक्षक ने बताया ड्रेस वितरण किया गया. सुबह 10.16 बजे प्राथमिक विद्यालय छोटा बड़दाडीह में बच्चों की उपस्थिति नहीं बनी थी. शिक्षक अद्यतन रिपोर्ट देने में असमर्थ रहे. सुबह 11 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय टंगर पोखरिया में पहुंचने पर प्रधान शिक्षक के अवकाश में होने की बात पता चली. इसके कारण बच्चों को मध्याह्न भोजन में अंडा नहीं दिया गया. विद्यालय में दो शिक्षक मौजूद थे. 11.20 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेड़ियाटंगर में सभी कुछ ठीक मिला. विद्यालय के बीच स्थित खुले कुआं को ढ़कने का निर्देश दिया.
समय पर विद्यालय में शिक्षक का नहीं पहुंचना लापरवाही है. इसे लेकर पदाधिकारी से बात कर शिक्षकों पर कार्रवाई का निर्देश दिया जायेगा.
नगेंद्र तिवारी, बीडीओ, तांतनगर
विद्यालय संचालन का समय सुबह 8 बजे से निर्धारित है. समय पर शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचते हैं, तो लापरवाही है. इसकी जांच की जायेगी.
श्रीकांत ठाकुर, बीइइओ, तांतनगर
