कोल्हान विवि. कुलपति ने पीजी विभाग का निरीक्षण के बाद की बैठक
कोल्हान विवि के वीसी ने समय पर विभाग पहुंचने और समय सारिणी के तहत कक्षा संचालन का दिया आदेश.
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय में मंगलवार को कुलपति डॉ आरपीपी सिंह की अध्यक्षता में सभी विभागाध्यक्षों की बैठक हुई. इसमें कुलपति ने मंगलवार की सुबह निरीक्षण के दौरान विभाग में नहीं मिले पीजी विभाग के कुछ एचओडी को फटकार लगायी. कुलपति ने कहा कि विभागाध्यक्ष कक्षाओं पर ध्यान दें. समय पर विभाग पहुंचे और समय सारिणी के तहत कक्षा का संचालन करायें.
जांच में मिली कमियों के लिए विभागाध्यक्ष को जिम्मेवार ठहराया. वहीं बैठक में सभी विभाग के एचओडी नहीं पहुंचने पर नाराजगी जतायी. कुलपति ने कहा कि पीजी पार्ट वन व पीजी पार्ट टू की कक्षाओं पर गंभीरता से ध्यान दें.
गेस्ट शिक्षक सहित स्वयं भी कक्षा लेने में दिलचस्पी लें. विद्यार्थियों का सिलेबस हर हाल में एडमिट कार्ड मिलने से पहली पूरी होनी चाहिए.
गौरतलब हो कि कुलपति डॉ आरपीपी सिंह ने मंगलवार की सुबह 10.30 बजे कोल्हान विश्वविद्यालय के पीजी विभाग का निरीक्षण किया. कुछ विभाग में एचओडी मिले, तो कुछ विभाग में सिर्फ गेस्ट शिक्षक क्लास लेते मिले. एचओडी के नहीं रहने का कारण शिक्षक नहीं बता पाये. हालांकि कुलपति के जाने के बाद सभी एचओडी अपने-अपने विभाग पहुंच गये थे. बॉटनी विभाग में कुलपति विद्यार्थियों से रूबरू हुए.
