नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे नोवामुंडी ओवरब्रिज के पिलर नंबर 16 के ऊपर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. कोयडा (उड़ीसा) से चक्रधरपुर जा रही तेज रफ्तार सफेद बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और ओवरब्रिज की रेलिंग को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी घूमकर उल्टे दिशा में जा खड़ी हुई.
बहन के ससुराल जा रहा था ड्राइवर
बताया जा रहा है कि ड्राइवर परमेश्वर नायक, जो गाड़ी के मालिक भी हैं, अपनी बहन के ससुराल चक्रधरपुर जा रहे थे. हादसे के वक्त गाड़ी में उनके साथ पोरेश दिउरी भी सवार थे. गनीमत रही कि गाड़ी रेलिंग तोड़कर लगभग 30 फीट नीचे नहीं गिरी, वरना हादसा और भी भयानक हो सकता था. हादसे के दौरान गाड़ी का एयरबैग खुल गया था और सीट बेल्ट पहने होने के कारण पोरेश दिउरी को कम चोटें आईं, जबकि चालक परमेश्वर नायक के सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गए.
स्थानीय युवकों ने दिखाई बहादुरी
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले नोवामुंडी के युवा सन्नी लोहार (लखन साई निवासी) राजेश्वर यादव, (संग्राम साइ निवासी) विजय रजक, (रेलवे फाटक बाजार निवासी) राजा टेलर (टटरा हाटइंग) और फिरोज खान (कोलाहान हाटइंग निवाशी) ने बिना समय गंवाए तुरंत राहत काम शुरू किया. इन युवकों ने मिलकर क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों घायलों को बाहर निकाला. खास तौर पर सन्नी लोहार की होशियारी काबिले तारीफ रही. वे तुरंत टिस्को अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस लेकर मौके पर आए. सभी युवकों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पोरेश के हाथ में चोट आई है, जबकि परमेश्वर नायक के सिर में गंभीर चोट के चलते उन्हें कुछ समय के लिए होश नहीं था.
पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस के सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह और एएसआई राजीव रंजन अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया और थाना ले गई.
गाड़ियों की लंबी कतार
हादसे के कारण कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, लेकिन सुबह करीब 7 बजे तक स्थिति सामान्य कर दी गई.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में मनरेगा कर्मियों का हड़ताल जारी, 9-10 अप्रैल को ग्रामीण विकास मंत्री आवास घेराव का ऐलान
यह भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
