स्नातक पार्ट थ्री व टू का परीक्षा फार्म भरने देने की मांग कर रहे थे वर्कर्स कॉलेज के छात्र
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय में सोमवार को नीचे सीनेट हॉल में नैक टीम के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था, वहीं ऊपर कुलपति डॉ आरपीपी सिंह के चैंबर के बाहर वर्कस कॉलेज के विद्यार्थी धरना प्रदर्शन कर रहे थे. वर्कर्स कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष हेमंत पाठक के नेतृत्व में छात्र स्नातक पार्ट थ्री व पार्ट टू का फार्म भरने देने की मांग कर रहे थे. दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक विद्यार्थी विवि का घेराव करते रहे. शाम सात बजे अनुमंडल दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार, बीडीओ मुकेश मछुवा व मुफस्सिल थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह दल बल के साथ विवि में पहुंचे. उन्होंने धरना कर रहे विद्यार्थियों को समझाया कि नियमानुसार काम किया जायेगा. आपको समस्या है, तो लिखित दें. इसके बाद विद्यार्थी धरना से हटे.
विद्यार्थियों का कहना था कि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य लागू कर विवि प्रशासन मनमानी पर उतर आया है. विवि प्रशासन को कक्षा संबंधित पूरी जानकारी है. कई कॉलेज चुनाव को लेकर महीनों बंद रहते हैं. ऐसे में विद्यार्थी अपनी कक्षाएं पूरी कैसे कर सकते हैं. यह छात्रहित में नहीं है. कुछ विद्यार्थी को बिना उपस्थिति जांच किये परीक्षा फार्म भरने दिया गया. विद्यार्थियों ने इसका विरोध करते हुए कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की. छात्र प्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस बार पूरी छूट देकर विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने देने की मांग की. वर्कर्स कॉलेज यूनियन के विद्यार्थियों ने नैक टीम का भी विरोध किया. मौके पर उपाध्यक्ष विपिन तंतुवाई, सचिव गणेश गोराई, विवि प्रतिनिधि जीतेंद्र कुमार उपस्थित थे.
