बुद्धि परीक्षण परीक्षा. 75 फीसदी छात्र फेल
14 स्कूलों में कक्षा तीन के 375 छात्र-छात्राओं का हुआ बुद्धि परीक्षण
शिक्षा रणनीति बनाने को लेकर िकया गया था आयोजन
परीक्षा परिणाम के अनुसार अब बनेगी नयी शिक्षा रणनीति
चाईबासा : राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले तीसरी कक्षा के 75 फीसदी बच्चों को पता नहीं है कि मछली कहां रहती है. इससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था व गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है. दरअसल सरकारी स्कूलों में बच्चों को दी जा रही शिक्षा पद्धति का आकलन के लिए शिक्षा विभाग ने बीते दो अप्रैल को कक्षा तीन के विद्यार्थियों की बुद्धि परीक्षण परीक्षा ली. इसमें 14 स्कूलों के 375 बच्चों ने हिस्सा लिया. बच्चों ने लिखित परीक्षा दी.
इस बुद्धि परीक्षण परीक्षा में 75 फीसदी छात्र-छात्रा फेल हो गये हैं. सामान्य सवालों के जवाब भी बच्चे नहीं दे पाये हैं. जिला शिक्षा विभाग ने परीक्षा परिणाम राज्य शिक्षा विभाग को भेज दिया है. बुद्धि परीक्षण परीक्षा में भारी संख्या में बच्चों के फेल होने के बाद अब राज्य शिक्षा विभाग शिक्षा के लिए नयी रणनीति तैयार करेगा. इसके बाद बच्चों के लिए नयी शिक्षा रणनीति बनायी जायेगी.
