हत्यारों की सुराग जुटाने में लगी पुलिस
मनोहरपुर : मनोहरपुर थानांतर्गत मंगलवार रात शराब दुकानकर्मी की गोली मारकर हत्या मामले में शराब दुकान कर्मी राम स्वरुप सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. वहीं इस मामले में पुलिस अभी भी अंधेरे मं तीर चला रही है. अभी तक घटना का कारण और अपराधियों पता नहीं चला है. इस बावत मनोहरपुर थाना कांड संख्या 16/16 के तहत भादवि की धारा 302 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
प्रखंड मुख्यालय मुख्य सड़क मार्ग पर चिड़िया बस स्टैंड के बगल में सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान के कर्मी की हत्या मामले में मनोहरपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र रविदास ने देर रात कई स्थानों पर छापेमारी की. पुलिस ने कृष्णा गुप्ता के खुन के सैंपल लिया. कई दुकानदारों से पूछताछ कर बयान कलमबंद किया. बुधवार को शव अंत्यपरीक्षण के लिए चाईबासा भेजा गया.
कहीं कीमत तो नहीं है हत्या का कारण : पुलिस जांच कर रही है कि शराब की अधिक कीमत मांगे जाने का कारण तो हत्या नहीं की गयी. हालांकि मनोहरपुर में शराब की अधिक कीमत मांगे जाने को लेकर अकसर तू तू मैं मैं होती है.
5 अप्रैल से नये लाइसेंस से संचालित हो रहा दुकान :वित्तीय वर्ष 2016-17 में मनोहरपुर के लाइसेंसी शराब दुकान का टेंडर अनुपम तिवारी को मिला है.नये टेंडर के तहत विगत 5 अप्रैल की शाम 4 बजे से दोनों दुकानों को विधिवत संचालित किया जा रहा है.
मृतक की पत्नी बिहार में लड़ रही है सरपंच का चुनाव : मृतक कृष्णा गुप्ता 25 मार्च को गांव गया था.अपनी पत्नी संतरा देवी का नामांकन पंचायत चुनाव में कराकर 2 अप्रैल को वापस मनोहरपुर लौटा था.
जिले के परैया थानाक्षेत्र के सोनारा गांव से सरपंच का नामांकन कराया है, बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव में बत्तौर प्रत्याशी के रूप में खड़ी हैं.
परिजन मृतक का शव ले गये पैतृक गांव : कृष्णा गुप्ता की मौत की सूचना परिजनों को मंगलवार की देर रात दे दी गई थी.बुधवार को कृष्णा के पैतृक घर बिहार के गया जिले से मृतक के बुजुर्ग पिता, मृतक का 19 वर्षीय पुत्र समेत 3 अन्य लोग चाईबासा पहुंचें और कृष्णा का शव गया ले गये.
