चक्रधरपुर : प्रखंड के होयोहातु पंचायत में मनरेगा योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी का भुगतान दो साल से लंबित है. इसे लेकर मंगलवार को चक्रधरपुर भाग-1 के जिप सदस्य भूमिका मुंडा व रामलाल मुंडा ने रेलवे पोस्टऑफिस में जम कर हंगामा मचाया.
क्या है मामला : मनरेगा योजना के तहत पंचायत में वर्ष 2014-15 में मिट्टी-मुरुम सड़क निर्माण किया गया था. हो-हंगामे को लेकर पहुंचे उक्त योजना के मेट गोविंद हांसदा ने जिप सदस्य के समक्ष अपनी समस्याएं रखी. श्री हांसदा ने कहा कि दो साल पहले मनरेगा तहत रेगुली से गुइबेड़ा तक आधे किमी मिट्टी-मुरुम सड़क का निर्माण एक लाख 67 हजार रुपये में किया गया था, परंतु कुल राशि का कुछ हिस्सा पोस्ट ऑफिस से नहीं दिया जा रहा है.
इस कारण मजदूरों का भुगतान नहीं किया जा सका है. इसके अलावा झरझरा ब्रांच पोस्ट मास्टर सुधीर मुंडू ने सभी मजदूरों का पास बुक अपने पास रखा है. पासबुक मांगने पर टाल-मटोल किया जाता है. मेट व मजदूरों की समस्या सुन कर जिप सदस्य भूमिका मुंडा व पूर्व जिप सदस्य रामलाल मुंडा पोस्टऑफिस पहुंच कर हंगामा किया.
जांच का दिया आश्वासन :हंगामे के दौरान जिप सदस्य भूमिका मुंडा ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण मजदूरों को रोजगार दिलाने के लिए बनी है. उनका हक मारने वालों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जायेगा. सभी बिचौलियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जायेगी. इस क्रम में पोस्ट ऑफिस के सब डिवीजनल इंस्पेक्टर (पी) भूषण कुमार ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जायेगी. साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने कहा कि पासबुक रखने के संबंधी जानकारी हमें नहीं है. मौके पर पोस्ट मास्टर हीरा मोची, मानिक मुंडा, अनिल मुंडा समेत काफी संख्या में होयोहातु पंचायत के मनरेगा मजदूर मौजूद थे.
