तांतनगर : 15 वर्षीय भतीजी को डरा-धमका दुष्कर्म के आरोपी तांतनगर ओपी के मुढदा गांव के दुलाल कालुंडिया (35) को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पीड़िता के गर्भवती होने पर लोगों की इसकी जानकारी हुई. पीड़िता के अनुसार हथियार के भय पर दुलाल कालुंडिया सात माह से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था. इसी बीच वह गर्भवती हो गयी है.
पीड़िता ने इसकी जानकारी गांव की एक महिला को दी. इसके बाद रविवार को गांव में बैठक की गयी. इसमें आरोपी दुलाल को पुलिस के हवाले करने का निर्णय लिया. पीड़िता के पिता का दस साल पहले ही निधन हो गया है. मां ने दूसरी शादी कर ली है. पीड़िता आरोपी चाचा के साथ रह रही थी. इसी का फायदा उठाकर चाचा अपनी भतीजी से दुष्कर्म करता रहा. पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि डर के कारण वह अपना मुंह नहीं खोल रही थी. तांतनगर ओपी प्रभारी विंदेश्वर प्रसाद ने बताया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है.
