मनोज कुमार
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम में वर्ष 2013 से अबतक कुल सात चिकित्सकों पर प्रपत्र क गठित कर सरकार से कार्रवाई की अनुशंसा की गयी. लेकिन एक भी चिकित्सक पर कार्रवाई नहीं की गयी. राशि गबन करने, बिना सूचना के अस्पताल से गायब रहने, सिजेरियन नहीं करने, कार्य में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप इन चिकित्सकों पर हैं. चिकित्सकों पर लगे आरोप को डीसी, मानवाधिकार आयोग की टीम व सीएस ने सही पाया था. इसके बाद प्रपत्र क गठित कर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गयी थी. विभिन्न मामले में आरोपी सातों चिकित्सक जिले में सेवा दे रहे हैं.
विधानसभा में भी उठा कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा
खुंटपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधानसभा में सवाल उठाया. विधायक ने विस में कहा है कि अस्पताल में अव्यवस्था पर चिकित्सकों को शोकॉज कर छोड़ दिया गया. इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गयी.
