हर गांव में दो योजना बने नहीं तो बीडीओ पर कार्रवाई
डीसी ने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्य में कोई लापरवाही बरतता है, तो उस पर सीधी कार्रवाई होगी.
चाईबासा : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त अबुबक्कर सिद्दीख पी ने मनरेगा की समीक्षा की. इस दौरान पाया गया कि किसी प्रखंड के किसी गांव में दो योजनाएं नहीं चल रही हैं.
गांव की संख्या से भी कम योजनाएं हैं. डीसी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. जिस प्रखंड के हर गांव में दो योजनाएं नहीं चलेंगी, उस प्रखंड के बीडीओ पर प्रपत्र क भरकर कार्रवाई करने की बात कही. अब तक कई पंचायतों में कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है. मनरेगा के तहत कुआं, तालाब, शेड आदि योजनाएं चलानी है.
डीसी ने कहा कि बीपीओ, एई, जेई अगर कोई कार्य में लापरवाही करता है, तो उस पर सीधी कार्रवाई होगी. मौके पर डीडीसी अनिल कुमार राय, प्रशिक्षु आइएएस नैंसी सहाय तथा विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ आदि उपस्थित थे.
सांप ने काटा, झाड़-फूंक में गयी जान
मंझारी. जंगल में लकड़ी काटने के दौरान सांप काटने से भरभरिया के जयराम साई के शंकर बिरूवा (22) की मौत हो गयी. सोमवार को मंझारी के महाबुरू जंगल में लकड़ी काटने गया था. अंधविश्वास में झाड़-फूंक से उसका इलाज गांव में चल रहा था. धीरे-धीरे उसकी स्थिति खराब होती गयी और बुधवार को उसने दम तोड़ दिया.
बैंकिंग जागरुकता कार्यक्रम 5 को: मझगांव. बैंक ऑफ इंडिया की मझगांव शाखा की ओर से शनिवार को मझगांव फुटबॉल मैदान में वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग जागरुकता कार्यक्रम किया जायेगा.
